Rajasthan: कोटा के ALLEN कोचिंग सेंटर में खूनी संघर्ष! आपस में भिड़े इंजीनियरिंग स्टूडेंट, नकली पिस्तौल से मार कर एक छात्र ने दूसरे को किया घायल
कोटा के प्रमुख कोचिंग संस्थान एलन परिसर में छात्रों के बीच खूनी संघर्ष की घटना हुई है। नकली पिस्तौल से मार कर एक छात्र ने दूसरे छात्र को बुरी तरह घायल कर दिया।
- भारत
- 2 min read
देश का कोचिंग हब कहे जाने वाले शहर कोटा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थान एलन (ALLEN) परिसर में छात्रों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दो नाबालिग स्टूडेंट्स के बीच मामूली बहस शुरू हुई जो देखते ही देखती मारपीट में बदल गई। एक छात्र ने खिलौने वाली बंदूक के बट से दूसरे छात्र के सिर पर वार कर दिया। हमले में छात्र लहूलुहान होकर फर्श पर गिरा पड़ा। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया।
JEE की तैयारी कर रहे दो नाबालिग छात्रों के बीच सहपाठी छात्रा से बातचीत को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गई।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र एक ही क्लास में जेईई प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। एक छात्रा को लेकर पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था। शुक्रवार को कोचिंग परिसर में इसी मुद्दे पर दोनों आमने-सामने आ गए। पहले तीखी नोकझोंक हुई, फिर हाथापाई शुरू हो गई।
टॉय गन से मारकर किया लहूलुहान
झगड़े के दौरान एक छात्र ने अपने बैग से पिस्तौल जैसी दिखने वाली खिलौना निकाला। परिसर में अचानक अफवाह फैल गई कि गोली चल गई है, जिससे हड़कंप मच गया। हालांकि जांच में स्पष्ट हुआ कि छात्र के पास असली हथियार नहीं, बल्कि दिखने में असली जैसी लगने वाली खिलौने वाली पिस्तौल (टॉय गन) थी। आरोपी छात्र ने उसी टॉय गन के भारी बट से दूसरे छात्र के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे पीड़ित लहूलुहान हो गया।
घायल छात्र अस्पताल में भर्ती
घटना के तुरंत बाद संस्थान के सुरक्षाकर्मियों और स्टाफ ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली। घायल छात्र को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मौके पर मौजूद कुछ छात्रों ने इसका वीडियो भी बना लिया। जिसमें एक छात्र बंदूक जैसी दिखने वाली खिलौने से दूसरे छात्र के सिर पर बार-बार वार करता दिख रहा है। दोनों इंजीनियरिंग की तैयारी करने वाला छात्र बिहार और यूपी का रहने वाला बताया जा रहा है।
मां की शिकायत पर FIR दर्ज
जवाहर नगर थाना अधिकारी मुकेश मीणा ने बताया कि शाम के समय कोचिंग संस्थान में दो छात्रों के बीच झगड़ा हो गया था। दोनों छात्र नाबालिग हैं और ऐसे में एक छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। छात्र की मां की शिकायत के बाद FIR हुआ है। पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 17 October 2026 at 09:19 IST