अपडेटेड 17 August 2024 at 08:07 IST
Kolkata Rape Case: इंसाफ के लिए जंग, आज देशभर में अस्पताल बंद, 24 घंटों के लिए डॉक्टरों की हड़ताल
कोलकाता में लेडी डॉक्टर संग हुई बर्बरता और हैवानियत के बाद न्याय की मांग को लेकर इंडियन मेडिकल एसोशिएशन ने आज देशव्यापी हड़ताल का आह्वाहन किया है।
Doctors on Strike: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में महिला डॉक्टर संग रेप के बाद हत्या के विरोध में आज आईएमए ने देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। देशभर के सभी सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में 24 घंटे यानी कि शनिवार (17 अगस्त) की सुबह 6 बजे से रविवार (18 अगस्त) की सुबह तक सभी (गैर आपात) सेवाएं बंद रहेंगी।
लेडी डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के अलावा अस्पताल परिसर में भीड़ द्वारा की गई तोड़फोड़ के विरोध में भी इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) प्रदर्शन करेगा। IMA के अनुसार, जरूरी सेवाएं समेत आपातकालीन वार्ड में कामकाज जारी रहेगा। जबकि ओपीडी में सेवाएं बंद रहेंगी और चुनिंदा सर्जरी नहीं की जाएगी।
IMA ने रखी ये पांच मांगें
IMA प्रमुख डॉ आर वी अशोकन ने शुक्रवार को कहा कि देश भर के सभी अस्पतालों को हवाई अड्डों की तरह सुरक्षित क्षेत्र घोषित किया जाना चाहिए ताकि डॉक्टर बिना किसी डर के काम कर सकें। उन्होंने बताया कि आईएमए की पांच मांगें हैं जिनमें अस्पतालों को सेफ जोन घोषित करना, स्वास्थ्यकर्मियों पर हिंसा को रोकने के लिए केंद्रीय कानून, कोलकाता की घटना के पीड़ित परिवार को उचित और सम्मानजनक मुआवजा, दोषियों के लिए सजा की मांग और रेजिडेंट डॉक्टरों के काम के घंटों और कामकाजी परिस्थितियों के संबंध में है।
वो 36 घंटे से ड्यूटी पर थी- IMA प्रमुख
डॉ आर वी अशोकन ने न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा कि यह रेजिडेंट डॉक्टर (कोलकाता की घटना में जान गंवाने वाली) लगातार 36 घंटे से ड्यूटी पर थी। क्या यह सही है? आप कितने घंटे डॉक्टर को ड्यूटी पर रखना चाहते हैं? मानव के लिए आठ घंटे या 12 घंटे तक ड्यूटी पर रहना संभव होगा, लेकिन 36 घंटे तक एक डॉक्टर को ड्यूटी पर रखना क्या उचित है? ऐसे में गलतियां होना स्वाभाविक है, यह न तो मरीजों के लिए और न ही डॉक्टरों के लिए अच्छा है।
बता दें कि फिलहाल मामले की जांच सीबीआई कर रही है। सीबीआई इंटर्न, ट्रेनी डॉक्टर्स और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।
क्या है पूरी घटना?
महिला डॉक्टर के साथ दर्दनाक घटना 9 अगस्त को घटी। 31 साल की ट्रेनी डॉक्टर अस्पताल में मृत पाई गई। बाद में पता लगा कि उसकी बेरहमी से हत्या होने के साथ उसका रेप भी किया गया।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 17 August 2024 at 08:06 IST