अपडेटेड 27 February 2025 at 12:16 IST
विश्वकर्मा दिवस की छुट्टी रद्द, ईद पर डबल लीव... Typo मिस्टेक या ममता सरकार की प्लानिंग? आदेश पर बंगाल में बवाल
कोलकाता नगर निगम की ओर से जारी एक आदेश में साफ-साफ लिखा गया था कि विश्वकर्मा दिवस के दिन छुट्टी नहीं रहेगी। उसकी जगह पर ईद पर डबल लीव देने की बात कही गई।
Kolkata News: कोलकाता नगर निगम (KMC) ने विश्वकर्मा दिवस की छुट्टी रद्द करने और ईद पर डबल लीव वाले आदेश पर मचे हंगामे के बाद इसे रद्द कर दिया है। साथ ही इसे टाइपिंग मिस्टेक (TYPO एरर) भी बताया गया है। आदेश को जारी करने वाले शिक्षा विभाग के अधिकारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
25 फरवरी को जारी किया गया ये आदेश हिंदी मीडियम स्कूलों के लिए था। इसको लेकर बंगाल में बवाल मच गया और BJP ने ममता सरकार को घेरना शुरू कर दिया। आदेश पर विवाद के बाद अब इसे रद्द कर दिया गया है।
आदेश रद्द करते हुए सफाई में क्या कहा?
कोलकाता नगर निगम ने विवाद पर सफाई देते हुए कहा कि स्कूलों की छुट्टी के संबंध में जारी अधिसूचना सक्षम प्राधिकारी से कोई सहमति प्राप्त किए बिना ही जारी की गई थी। इसमें टाइपिंग मिस्टेक थी। इसलिए 25 फरवरी को जारी इस आदेश को रद्द कर दिया है।
KMC ने यह भी कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और इस चूक के लिए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही संशोधित और सटीक आदेश जारी किया जाएगा, जिसमें राज्य सरकार की छुट्टियों की सूची को मौजूदा मानदंडों के अनुसार बनाए रखा जाएगा।
विश्वकर्मा दिवस की छुट्टी रद्द करने का आदेश
बता दें कि इससे पहले कोलकाता नगर निगम की ओर से जारी एक आदेश में साफ-साफ लिखा गया था कि विश्वकर्मा दिवस के दिन यानी 17 सितंबर को जो छुट्टी होती है, वो नहीं रहेगी। उसकी जगह पर ईद पर डबल लीव देने की बात कही गई। आदेश के लिखा गया था कि राज्य में ईद उल फितर की छुट्टी 31 मार्च 2025 और 1 अप्रैल 2025 को रहेगी।
ममता सरकार पर हमलावर हुईं BJP
KMC के इस आदेश पर बड़ा बवाल खड़ा हो गया। बता दें कि TMC नेता फिरहाद हकीम कोलकाता नगर निगम के मेयर हैं। BJP ने ममता सरकार को घेरते हुए तुष्टिकरण का आरोप लगाया। अमित मालवीय ने कहा कि ममता सरकार हिन्दुओं के अपमान का कोई मौका नहीं छोड़ती। अब हिंदुओं के पर्व की छुट्टियां भी रद्द की जा रही हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सरकार मुस्लिम लीग पार्ट 2 की तरह चल रही है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 27 February 2025 at 12:16 IST