Kolkata Stampede: 'आंखों के सामने मां ने तोड़ा दम...' कोलकाता भगदड़ में अपनों को खोने वाले परिवारों का छलका दर्द, बयां किया खौफनाक मंजर
कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में मौतों का आकड़ा बढ़कर 19 पहुंच गया है। इस बीच, हादसे के चश्मदीदों ने उस खौफनाक मंजर को बयां किया है।
- भारत
- 4 min read
Kolkata Stampede: कोलकाता के दुर्गा पंडाल में सप्तमी की शाम को बड़ा हादसा हो गया। चोरबागान सार्वजनीन पूजा पंडाल में भारी भीड़ के दबाव के बीच पंडाल का एक हिस्सा ढहने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 25 घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना में अपनी मां को हमेशा के लिए खो देने वाले सोनू पाल गहरे सदमे में हैं। कुम्हरटौली के निवासी सोनू ने बताया कि वे मां के साथ दुर्गा पूजा का मेला देखने निकले थे, लेकिन अचानक आई तेज बारिश ने सब कुछ बदल दिया।
चश्मदीदों ने बयां किया डरावना मंजर
उस खौफनाक मंजर को याद कर सोनू सिहर उठते हैं। उन्होंने बताया, 'बाहर तेज बारिश हो रही थी, इसलिए कोई भी बाहर नहीं निकलना चाहता था। जो लोग खुद को भीगने से बचाने के लिए एंट्री पर खड़े थे, वे अंदर आने के लिए पीछे से लगातार धक्का देने लगे। भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि अंदर मौजूद सभी लोग एक-दूसरे पर गिरते चले गए।'
मैं भी भीड़ के नीचे था- सोनू
उन्होंने आगे बताया, 'मैं भी उसी भीड़ के नीचे फंस गया था। मैंने किसी तरह अपने आप को संभाला और मां के पास गया। मगर तब तक मां दम तोड़ चुकी थी।' इस हादसे में देखते ही देखते सब कुछ तबाह हो गया।
वहीं अस्पताल के बाहर अपनों की तलाश में मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। सभी की जुबां पर सिर्फ एक सवाल है कि आखिर इस हादसे का जिम्मेदार कौन है। एक पीड़ित पड़ोसी सनी का कहना है कि वे शव लेने आ जाएंगे, लेकिन इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। उस वक्त पुलिस-प्रशासन कहां था?'
शुभम सोनकर ने जवान बहन को खोया
इस रूह कंपा देने वाले हादसे में शुभम सोनकर ने भी अपनी जवान बहन को खो दिया है जो 30 साल की थी। उन्होंने कहा, 'वो आज हमारे बीच नहीं रही है। ग्रुप के बाकी लोग सुरक्षित हैं, लेकिन मेरी बहन यह दुनिया छोड़कर चली गई। इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?'
सीएम सुवेंदु अधिकारी ने दी जानकारी
देर रात मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अस्पताल में घायलों से मिलकर उनका हालचाल जाना। इसके बाद उन्होंने बताया, 'बहुत दुखद घटना है। बारिश हो रही थी, लाइट भी नहीं थी। 17 लोग मृत लाए गए थे बाद में 2 और की मृत्यु हो गई। 25 घायल हैं जिसमें से 24 खतरे से बाहर हैं, 1 की हालत गंभीर है। सरकार की ओर से हम काम कर रहे हैं। मुआवजे की घोषणा की गई है। मैंने 13 पीड़ित परिवारों से बातचीत की है। सरकार उनके साथ खड़ी रहेगी। कल हमारे जितने भी कार्यक्रम थे हमने रद्द किए। मृतकों को परिवारों को 25 लाख का मुआवजा और 1 सदस्य को नौकरी दी जाएगी। घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी।'
12 लोग हिरासत में लिए गए
कोलकाता पुलिस के मुताबिक, कोलकाता के चोरबगान इलाके में दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मचने से कुछ लोगों की मौत के बाद 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। इस समूह में पूजा आयोजक, स्वयंसेवक और अन्य लोग शामिल हैं।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 18 October 2026 at 07:46 IST