Kolkata Durga Puja Stampede: कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में 17 की मौत, PM मोदी ने हादसे पर जताया दुख; किया मुआवजे का ऐलान

पीएमओ की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया कि इस घटना से बेहद दुख हुआ है। प्रधानमंत्री ने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
PM Modi announces Rs 2 lakh ex-gratia for families of Kolkata Durga Puja stampede victims
कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में 17 की मौत, PM मोदी ने हादसे पर जताया दुख; किया मुआवजे का ऐलान | Image: X

कोलकाता में दुर्गा पूजा के जश्न के बीच सप्तमी की शाम चोरबागान पूजा पंडाल में बड़ा हादसा हो गया। उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनीन पूजा पंडाल में भारी भीड़ और बारिश के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस हादसे में 17 लोगों की मौत हुई है और करीब 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है।

पीएमओ की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया कि इस घटना से बेहद दुख हुआ है। प्रधानमंत्री ने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

राष्ट्रपति ने जताया दुख

दुर्गा पूजा पंडाल में हुई लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. राष्ट्रपति ने हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

Advertisement

अमित शाह ने जताया दुख

दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना पर गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुख जताया है। अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से फोन पर बात की और हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

Advertisement

अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में कल के अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे। गृह मंत्री ने मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।

कैसे मची भगदड़

यह हादसा उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में हुआ। पिछले तीन-चार दिनों से यहां बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। पंडाल की लोकप्रियता के चलते वहां लगातार भीड़ जुट रही थी। हादसे के वक्त भी काफी लोग मौजूद थे। इसी दौरान बारिश शुरू हुई तो बाहर खड़े लोग भीगने से बचने के लिए पंडाल के अंदर जाने लगे। इससे पहले से मौजूद भीड़ पर दबाव और बढ़ गया।

बारिश के बाद पंडाल में भीड़ बढ़ने से हालात और बिगड़ गए। लोगों के आने-जाने के लिए जगह कम पड़ने लगी। इसी दौरान पंडाल का एक हिस्सा ढह गया। हालांकि, ढांचा किस वजह से गिरा, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती जानकारी में भीड़ के दबाव और लोगों की आवाजाही को हादसे से जोड़कर देखा जा रहा है।

इसे भी पढ़ें- दिल्‍ली में प्रदर्शन से अबतक 3000 करोड़ का नुकसान, CTI ने जताई चिंता, बोली- दीवाली तक जारी रहा प्रोटेस्‍ट तो 10000 करोड़ रुपए के पार जाएगा आंकड़ा
 

Published By:
 Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड