'5वां दिन है, हम सार्थक बहस क्यों नहीं कर सकते? बहाना बनाना...' विपक्ष के हंगामे के बीच संसद में बोले किरेन रिजिजू, सोमवार तक लोकसभा स्थगित
NEET विवाद पर संसद में लगातार 5वें दिन भारी हंगामा हुआ। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार पेपर लीक पर नया सख्त कानून लाने जा रही है। विपक्ष का हंगामा थमा नहीं, इसके बाद लोकसभा सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
- भारत
- 3 min read
Parliament Monsoon Session: नीट विवाद को लेकर संसद में गतिरोध थमने का नाम नहीं ले रहा। विपक्ष के हंगामे के चलते लगातार पांचवें दिन शुक्रवार (24 जुलाई) को सदन की कार्यवाही बाधित हुई। लोकसभा में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एक बार फिर साफ शब्दों में कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है। बावजूद इसके विपक्ष ने 'इस्तीफा-इस्तीफा' के नारे लगाते हुए जोरदार हंगामा किया। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही को सोमवार (27 जुलाई 2026) तक स्थगित कर दिया गया।
‘चर्चा नहीं करेंगे, बहाना बनाएंगे तो…’
लोकसभा में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से अनुरोध करते हुए कहा कि आज शुरू से चर्चा मांग रहे थे। सरकार चर्चा के लिए तैयार भी हो गई है। आज सुबह फिर से किसी वेणुगोपाल जी से बात की है कि मोदी जी ने भी देश को आश्वासन दिया और सोनम वांगचुक ने भी अपना अनशन खत्म कर दिया है। उन्होंने भी चर्चा की मांग की है। अब ऐसे में चर्चा नहीं करेंगे, बहाना बनाएंगे तो अच्छा संदेश नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने आश्वासन दिया है कि पेपर लीक को लेकर सरकार कठोर कानून लाने जा रही हैं। सरकार की मंशा बिलकुल साफ है कि हम कैबिनेट मीटिंग में इससे संबंधित फैसला लेने जा रहे हैं।
रिजिजू ने राहुल गांधी से अपील करते हुए कहा कि आप अपने कांग्रेस पार्टी के साथियों को समझा दीजिए। उन्होंने कहा कि बाकी पार्टी के सांसद भी निजी तौर पर अपना मत रखें। आज पांचवां दिन है, हम इस पर सार्थक बहस क्यों नहीं कर सकते हैं? आज शर्तें मत डालिए, हम आज भी चर्चा शुरू कर सकते हैं।
'कोई राजनीति, सत्ता पक्ष या विपक्ष का सवाल नहीं'
वहीं, पीठासीन जगदंबिका पाल ने विपक्ष से कहा कि सदन में आप चर्चा चाहते हैं, सरकार चर्चा के लिए तैयार है। सरकार की तरफ से बताया गया है कि पेपर लीक को लेकर क्या क्या कदम उठाए, चाहे फास्ट ट्रैक कोर्ट हो, चाहे कानून लाने की बात हो, 13 लोग जेल में हैं, इसमें कोई राजनीति नहीं है। सत्ता पक्ष या विपक्ष का सवाल है। अगर आपकी चिंता है तो सरकार इस पर चर्चा के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कहा कि अगर आप नीट पर चर्चा चाहते हैं, आप इसको नियमों में लिखकर दें।
इस दौरान विपक्ष का हंगामा लगातार जारी रहा। सांसदों ने लोकसभा में जमकर नारेबाजी की, जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही को स्थगित किया गया।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 24 July 2026 at 12:51 IST