केरल के पूर्व CM पिनराई विजयन के घर रेड डालने गई ED की टीम पर समर्थकों ने किया हमला, कार का शीशा तोड़ा, हिरासत में 7 आरोपी, VIDEO

CMRL मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन के आवास पर छापा मारा। इस दौरान उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया। रेड के दौरान सीपीएम कार्यकर्ताओं की अधिकारियों के साथ झड़प भी हुई।

Follow :  
×

Share


विजयन के घर ED की रेड, समर्थकों का हमला, 7 गिरफ्तार | Image: Social media

तिरुवनंतपुरम: बुधवार, 27 मई को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन, उनके दामाद पीए मोहम्मद रियास और कई अन्य लोगों के आवास पर छापा मारा। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन और हिंसक झड़पें भी हुईं। इस झड़प में समर्थकों ने कई कारों का शीशा भी तोड़ा डाला।   

छापेमारी के दौरान केरल में दस जगहों पर तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें तिरुवनंतपुरम के बेकरी जंक्शन स्थित विजयन का किराए का घर भी शामिल था, जहां दो मंजिला इमारत के बाहर सशस्त्र केंद्रीय सुरक्षाकर्मी पहरा दे रहे थे।

कोझिकोड में मौजूद पीए मोहम्मद रियास के बंगले के साथ-साथ सीएमआरएल के प्रमुख अधिकारियों के घरों पर भी छापेमारी की गई। ईडी के अनुसार, ये तलाशी सीएमआरएल से विभिन्न व्यक्तियों को फर्जी खर्चों के बहाने धन के संदिग्ध हस्तांतरण से संबंधित थी।

ईडी और सीपीएम कार्यकर्ताओं के बीच झड़प

छापेमारी की खबर फैलते ही, CPI(M) के कार्यकर्ता और नेता विजयन के आवास के बाहर इकट्ठा होकर ईडी की कार्रवाई का विरोध करने लगे। सीपीएम के राज्य सचिव एमवी गोविंदन ने विजयन के घर के बाहर धरना प्रदर्शन भी आयोजित किया।

प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर आवास के बाहर तैनात केंद्रीय पुलिस अधिकारियों पर जूते और पानी की बोतलें फेंकीं। जैसे ही ईडी अधिकारियों ने तलाशी अभियान समाप्त किया और घटनास्थल से जाने का प्रयास किया, हिंसा भड़क उठी। इस झड़प में समर्थकों ने कार का शीशा भी तोड़ा डाला। इस मामले में अभी तक सात लोगों की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

विजयन ने भाजपा और कांग्रेस पर किया हमला

ED की तलाशी के मामले में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष पिनाराई विजयन ने कहा 'काफी समय से ED मेरे घर की तलाशी लेना चाहती थी। मुझे लगता है कि इस तलाशी से कुछ लोगों को, खासकर राहुल गांधी जैसे किसी व्यक्ति को बहुत संतुष्टि मिलेगी। राहुल गांधी ने यही सवाल पूछा था कि पिनाराई विजयन के घर पर छापा क्यों नहीं मारा जा रहा है और पिनाराई विजयन को गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा है।'

विजयन ने आगे कहा 'BJP सरकार देश में विपक्षी नेताओं पर हमेशा से जान-बूझकर हमले करती रही है। इसके खिलाफ पूरे देश में ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन हुए हैं। कांग्रेस का रुख यह है कि उनके अपने दल के अलावा अन्य दलों के खिलाफ ED की दखलंदाजी जारी रहनी चाहिए। जब भी दुश्मनों ने मुझ पर हमला करने की तैयारी की, तो मुझे पार्टी का मजबूत समर्थन मिला। आज साथियों ने यह साबित कर दिया है कि उस समर्थन में कोई कमी नहीं आई है। यही हमारी ताकत है। आइए, हम सब मिलकर किसी भी चुनौती का सामना करें।'

क्या है पूरा मामला?

ईडी ने यह रेड विजयन की बेटी टी वीणा की कंपनी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में की है। वीणा की ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ को कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल ) ने साल 2018-19 में ₹1.72 करोड़ मंथली पेमेंट के तौर पर दिए, लेकिन इसके बदले एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस ने कोई सर्विस नहीं दी।

गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (सीएमआरएल) द्वारा शुरू की गई जांच के बाद, ईडी ने 2024 में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत शिकायत दर्ज की। सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग ने जनवरी 2019 में सीएमआरएल का निरीक्षण किया और लगभग 130 करोड़ रुपये के फर्जी खर्चों का पता लगाया, जिसे कथित तौर पर आयकर निपटान आयोग के समक्ष स्वीकार किया गया था।

अधिकारियों ने आगे दावा किया कि एसएफआईओ की जांच में 15 वर्षों की अवधि में कुल 182 करोड़ रुपये के फर्जी नकद खर्च पाए गए। यह भी दावा किया गया कि सीएमआरएल ने अपने प्रबंध निदेशक एसएन शशिधरन कार्था के परिवार के स्वामित्व वाली कंपनियों को परिवहन सेवाओं के लिए 91 करोड़ रुपये का भुगतान किया था।

ये भी पढ़ें: पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बीच विमान कंपनियों ने दिया बड़ा झटका, एअर इंडिया 22 फीसदी तो IndiGo 5-7% घरेलू उड़ानों में करेगी कटौती
 

Published By : Sahitya Maurya

पब्लिश्ड 27 May 2026 at 19:37 IST