'जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा, इस खूबसूरत जगह को देख कर रोमांचित हूं', CM उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद बोले अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर
Sergio Gor US Ambassador In J&K: बुधवार को भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा है और यहां आकर बेहद रोमांचित हूं।
- भारत
- 4 min read
Sergio Gor US Ambassador In J&K: भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर जम्मू-कश्मीर की यात्रा पर हैं। बुधवार, (19 अगस्त) को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने जम्मू-कश्मीर के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि ‘जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा है।’ इस दौरान उन्होंने कश्मीर की खूबसूरत वादियों की तारीफ करते हुए कहा कि यहां आकार काफी खुशी हुई और मुख्यमंत्री से बातचीत बहुत गर्मजोशी भरी और दोस्ताना रही।
'जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा'-सर्जियो गोर
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात करने के बाद सर्जियो गोर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि "यहां आकर खुशी हो रही है। यह भारत का एक अहम हिस्सा है। मैं यहां पहली बार आया हूं। यह बहुत खूबसूरत जगह है। मैं यहां आकर और इस जगह को देखकर बहुत उत्साहित हूं।'
आगे उन्होंने कहा कि 'हमारी बहुत अच्छी मीटिंग हुई। कुछ बातें आगे बढ़ानी हैं, जिन्हें हम वॉशिंगटन और दिल्ली ले जाएंगे। लेकिन बातचीत बहुत गर्मजोशी भरी और दोस्ताना रही और हम इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।'
अमेरिका ट्रैवल वॉर्निंग पर गोर ने क्या कहा?
सर्जियो गोर ने कहा, "अमेरिका ट्रैवल वॉर्निंग जारी करता है और समय-समय पर हम उनकी समीक्षा भी करते हैं। मैं आज यहां कोई बड़ी घोषणा तो नहीं कर सकता, लेकिन हम इस पर विचार जरूर करेंगे। हमारा मानना है कि नई दिल्ली, यहां के मुख्यमंत्री और सरकार ने इस इलाके को सुरक्षित रखने और इसे और सुरक्षित बनाने के लिए बेहतरीन कदम उठाए हैं।
इसलिए, हम देखेंगे कि क्या अमेरिका की ओर से जारी ट्रैवल वॉर्निंग को कम किया जा सकता है। यह एक खूबसूरत इलाका है, मुझे लगता है कि बहुत से अमेरिकी यहां आना पसंद करेंगे और यहां की खूबसूरती और मौकों का आनंद लेंगे।"
गोर के दौरे पर पूर्व CM महबूबा मुफ्ती ने क्या कहा?
जम्मू और कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने सर्जियो गोर के दौरे पर कहा 'कम से कम US एंबेसडर सर्जियो गोर कश्मीर जाने के बारे में जारी की गई सबसे ऊंचे स्तर की ट्रैवल एडवाइज़री की समीक्षा कर उसे वापस तो ले ही सकते हैं।
कश्मीर के लिए, जहां हज़ारों परिवार टूरिज़्म पर निर्भर हैं, वहां के लिए जारी ट्रैवल एडवाइज़री सिर्फ़ एक चेतावनी नहीं, बल्कि कश्मीर और दुनिया के बीच एक दीवार की तरह है। इसे हटाने से भरोसे का एक मज़बूत संदेश जाएगा, विदेशी पर्यटकों को वापस लाने में मदद मिलेगी और उन अनगिनत परिवारों को बहुत ज़रूरी राहत मिलेगी जिनकी रोज़ी-रोटी टूरिज़्म पर निर्भर है।'
POK में पाकिस्तानी सेना का नरसंहार
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर उस समय जम्मू-कश्मीर दौरे पर है, जब पीओके में पाकिस्तानी सेना आम नागरिकों का नरसंहार कर रही है। पिछले कुछ दिनों से जारी संघर्ष में कई निर्दोष नागरिकों को मौत के घाट उतारा जा चुका है। POK में कई जरूरी सामानों पर सेना द्वारा रोक लगा दी गई है। वहीं, वहां की जनता अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद मांग रही है।
Published By : Sahitya Maurya
पब्लिश्ड 19 August 2026 at 17:04 IST