BIG BREAKING: जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में मुठभेड़, सुरक्षाबलों ने 1 आतंकी को किया ढेर; 2 को घेरा
BREAKING: जम्मू-कश्मीर के बंदीपोरा में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में सेना को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया है।
BIG BREAKING: जम्मू-कश्मीर के बंदीपोरा में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में सेना को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया है। सेना ने 2 से 3 आतंकियों को घेर लिया है। दोनों तरफ से गोलीबारी की आवाजें आ रही हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को बांदीपुरा जिले के चूंटपाथनी वन क्षेत्र में आतंकिवादियों के छिपे होने की जानकारी मिली, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इस तलाशी अभियान को दौरान ही आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद सेना ने जवाबी कार्रवाई की और एनकाउंटर शुरू हो गया।
अनंतनाग में दो जगहों पर मुठभेड़ में तीन आतंकी ढेर
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और अनंतनाग जिलों में शनिवार को सुरक्षा बलों ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के एक शीर्ष पाकिस्तानी कमांडर और दो अन्य आतंकवादियों को ढेर कर दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर की पहचान उस्मान के रूप में हुई है, जो कई वर्षों से घाटी में सक्रिय था और निरीक्षक मसरूर वानी की हत्या में भी शामिल था।
अक्टूबर, 2023 में ईदगाह मैदान में क्रिकेट खेलते समय वानी की नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अधिकारी ने बताया कि उस्मान घाटी में काफी लंबे समय से सक्रिय था और कई हमलों में शामिल था, उसका मारा जाना जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के लिए एक बड़ा झटका है। उन्होंने कहा, "उस्मान यहां लश्कर-ए-तैयबा का सबसे वरिष्ठ पाकिस्तानी कमांडर था।"
श्रीनगर मुठभेड़ में 4 सुरक्षाकर्मी घायल
श्रीनगर में हुई मुठभेड़ में चार सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद घनी आबादी वाले खानयार इलाके में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलाईं, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और तलाश अभियान मुठभेड़ में बदल गया। अभियान के दौरान जिस घर में आतंकवादी छिपे हुए थे वहां आग लग गई और आसमान में घना धुआं उठता देखा गया।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 5 November 2024 at 18:24 IST