Rajasthan: जयपुर में तेज रफ्तार थार ने पहले बाइक को टक्कर मारी, फिर 150 मीटर तक घसीटा; हादसे में बाइक सवार युवक की मौत

जयपुर के जगतपुरा में एक तेज रफ्तार थार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार राकेश मीणा की मौत हो गई। राकेश सिर्फ 5 दिन पहले ही यहां शिफ्ट हुआ था। जानें कैसे हुआ हादसा? पढ़ें पूरी खबर।  

 
Follow :
जयपुर में थार ने बाइक को 150 मीटर घसीटा | Image: Republic

जयपुर के जगतपुरा इलाके में दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई, हादसे में 28 साल के राकेश मीणा की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि, तेज रफ्तार थार एसयूवी ने राकेश मीणा की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद बाइक करीब 150 मीटर तक घिसटती चली गई।

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ये दुर्घटना रामनगरिया में अक्षयपात्र चौराहे के पास रात करीब 1 बजकर 30 मिनट पर हुई। दौसा निवासी राकेश मीणा कुछ दिन पहले ही परिवार के साथ जयपुर के आरती नगर में शिफ्ट हुए थे। वो बाइक से बॉम्बे हॉस्पिटल जा रहे थे, तभी थार ने उनको टक्कर मार दी।

वहीं, प्रत्यक्षदर्शी अमर सिंह और सूर्यांश तंवर ने बताया कि टक्कर के बाद बाइक काफी दूर तक थार के साथ घिसटती रही। उन्होंने दावा किया कि थार में बीयर की बोतलें और केन भी मिलीं, मौके पर लोगों ने वाहन को रोका और पुलिस को सूचना दी।

MBBS छात्र चला रहा था थार 

शिवदासपुरा थाना प्रभारी मनोहर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन चलाने वाला व्यक्ति MBBS छात्र है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जरूरी कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद राकेश मीणा को घायल हालत में महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जिसके बाद अस्पताल में मृतक पक्ष और आरोपी पक्ष के बीच विवाद भी हुआ, जिसमें कुछ लोगों ने अभद्रता की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

पांच दिन पहले ही शिफ्ट हुआ था परिवार

राकेश मीणा पत्नी और दो छोटे बेटों दक्ष (8) और कृष्णा (4) के साथ जयपुर शिफ्ट हुए थे। सिर्फ 5 दिन पहले परिवार नया घर बसाने आया था। राकेश की बहन ज्योति मीणा ने पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शव के साथ छेड़छाड़ हुई और कुछ निशानों को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक के पिता मुरलीधर मीणा ने चेतावनी दी कि अगर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो वे पुलिस थाने और अस्पताल का घेराव करेंगे। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।  

यह भी पढ़ें: Breaking: दिल्ली के रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, बेसमेंट में फंसे कई लोग

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 3 June 2026 at 13:38 IST