बंद कार में SMS मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर की रहस्यमयी मौत, कार के अंदर मिली शराब की बोतल, दम घुटने से हुई मौत या...
जयपुर में एक डॉक्टर की मौत उसकी कार में बैठे-बैठ हो गई। बताया जा रहा है कि डॉक्टर कार का AC चलाकर सो रहा था, लेकिन ऐसा क्या हुआ कि अचानक डॉक्टर की मौत हो गई, पढ़ें पूरी खबर
- भारत
- 2 min read
Jaipur doctor death in car: जयपुर में एक डॉक्टर की संदिग्ध मौत ने हैरान कर दिया है। दरअसल, एसएमएस मेडिकल कॉलेज के स्किन विभाग में रेजिडेंट डॉक्टर संदीप कुमार शर्मा (37) की अपनी कार के अंदर मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर शराब के नशे में थे, डॉक्टर कार का एसी चलाकर अंदर सो रहे थे, इस दौरान कार का पेट्रोल खत्म हो गया और इंजन बंद हो गया साथ ही AC भी बंद हो गया।
डॉक्टर सो रहे थे और इंजन बंद होने की वजह से कार का AC अपने आप बंद हो गया, जिससे बंद कार के अंदर गर्मी बढ़ती चली गई। जब कार में पड़े डॉक्टर को कार से बाहर निकाला गया तो तब तक उनकी जान चली गई थी।
कार का शीशा तोड़कर शव को निकाला
हुआ ये था कि राहगीरों ने कार में शख्स को बेहोश पड़े देखा और तुरंत पुलिस को फोन किया, जिसके बाद आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार का शीशा तोड़कर डॉक्टर को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने जांच की तो मृतक की पहचान झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी निवासी संदीप कुमार शर्मा के रूप में हुई है। जो एसएमएस मेडिकल कॉलेज के स्किन विभाग में प्रथम वर्ष के रेजिडेंट डॉक्टर थे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया।
शराब पीके गाड़ी में सोना सुरक्षित नहीं
शुरुआती जांच में साफ हो गया है कि पेट्रोल खत्म होने की वजह से एसी बंद हो गया था। बंद गाड़ी में बढ़ी गर्मी इस दर्दनाक हादसे का कारण मानी जा रही है। लेकिन पुलिस मामले की पूरी कानूनी कार्रवाई कर रही है, ताकि और कोई जानकारी मिले तो पूरी कहानी का पता लगाया जा सके।
ये घटना सतर्क करती है गर्मी के मौसम में बंद कार में सोना कितना खतरनाक साबित हो सकता है। खासकर जब कोई शराब के नशे में हो, घटना याद दिलाती है कि शराब पीने के बाद गाड़ी में अकेले सोना कभी भी सुरक्षित नहीं है। खासकर राजस्थान जैसी जगहों पर जहां गर्मी बहुत तेज होती है। पुलिस जांच अभी जारी है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 1 July 2026 at 18:36 IST