त्योहार शुरू होने के साथ ही IndiGo ने यात्रियों को दिया बड़ा झटका, बच्चे के टिकट से लेकर एक्स्ट्रा बैगेज तक के सर्विस चार्ज बढ़ाया; जानें डिटेल
अगर आप त्योहार पर इंडिगो से हवाई सफर करने का योजना बना रहे हैं तो, तो सिर्फ टिकट का बेस फेयर देखकर बजट न बनाएं। कंपनी के नए शुल्क सीमा को एक बार जरूर चेंक कर लें, जिसमें कई बदलाव किए गए हैं।
- भारत
- 3 min read
घरेलू उड़ानें संचालित करने वाली प्रमुख एयरलाइन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने त्योहारों के सीजन की शुरुआत के साथ ही यात्रियों को बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने कई अतिरिक्त और वैकल्पिक यात्री सेवाओं के शुल्कों में संशोधन किया है, जिससे यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा। एयरलाइन ने कई यात्री सेवाओं के शुल्क में बदलाव किया है। इनमें शिशु टिकट और एक्स्ट्रा बैगेज समेत कई चार्ज शामिल हैं।
अगर आप त्योहार पर इंडिगो से हवाई सफर करने का योजना बना रहे हैं तो, तो सिर्फ टिकट का बेस फेयर देखकर बजट न बनाएं। कंपनी के नए शुल्क सीमा को एक बार जरूर चेंक कर लें। एयरलाइन ने गुरुवार को अतिरिक्त सामान, शिशु के साथ यात्रा, अकेले यात्रा करने वाले नाबालिगों और प्रायोरिटी चेक-इन और बोर्डिंग के लिए बढ़े हुए शुल्क की घोषणा की।
एक्स्ट्रा बैगेज के यह है नया चार्ज
जानकारी के अनुसार, यह बदलाव इंडिगो की अतिरिक्त सेवाओं के शुल्क की समीक्षा और उन्हें अपडेट करने की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। बदले हुए शुल्क ढांचे के तहत, इंडिगो ने अतिरिक्त सामान का शुल्क 700 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़ाकर 800 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिया है, यानी हर अतिरिक्त किलोग्राम के लिए 100 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। यह बढ़ा हुआ शुल्क उन यात्रियों पर लागू होगा जो अपनी तय सीमा से ज्यादा सामान ले जा रहे हैं।
शिशु का टिकट हुआ महंगा
एयरलाइन ने तीन दिन से दो साल की उम्र के शिशुओं के लिए भी शुल्क बढ़ा दिया है। यह शुल्क 2,000 रुपये से बढ़कर 3,000 रुपये हो गया है। बता दें कि इंडिगो में दो साल से कम उम्र के बच्चों (शिशु) को अलग सीट नहीं दी जाती। वे माता-पिता या साथ यात्रा कर रहे वयस्क की गोद में ही सफर करते हैं। इसके बावजूद शिशु के लिए टिकट बुक करना अनिवार्य है।
अकेले यात्रा करने वाले नाबालिगों के लिए ये चार्ज
अकेले यात्रा करने वाले नाबालिगों ( unaccompanied minor) की सेवा के शुल्क में भी बदलाव किया गया है। घरेलू उड़ानों के लिए, बिना किसी वयस्क के यात्रा करने वाले 5 से 12 साल के बच्चों का शुल्क 5,000 रुपये से बढ़कर 5,999 रुपये हो गया है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अकेले यात्रा करने वाले नाबालिगों की सेवा का शुल्क 12,999 रुपये होगा।
एयरलाइन ने अपनी 'फास्ट फॉरवर्ड' सेवा की कीमत भी बढ़ा दी है, जो यात्रियों को प्रायोरिटी चेक-इन और बोर्डिंग की सुविधा देती है। इसका शुल्क 500 रुपये से बढ़ाकर 650 रुपये कर दिया गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए यह शुल्क 850 रुपये प्रति सेक्टर है। यात्रियों को सलाह है कि अतिरिक्त सेवाओं के नए शुल्कों को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा की योजना बनाएं, ताकि अंतिम समय में कोई आर्थिक झटका न लगे।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 17 September 2026 at 22:09 IST