दिल, दिमाग, किडनी, लीवर सब गायब...वेनेजुएला से यूपी के राकेश चौहान का खोखला शव पहुंचा भारत, शरीर पर सिर्फ टांके ही टांके; परिवार ने की ये मांग
फेडरेशन ऑफ सीफेरर्स यूनियंस ऑफ इंडिया (FSUI) ने बेहद सख्त रुख किया है। नाविकों के अधिकारों और हितों की रक्षा करने वाली इस संस्था ने पूरे मामले पर गहरी चिंता व्यक्त की है। FSUI ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि इस पूरे घटनाक्रम के लिए वेनेजुएला प्रशासन सीधे तौर पर जिम्मेदार है, और अब समय आ गया है कि उनकी जवाबदेही तय की जाए।
- भारत
- 3 min read
वेनेजुएला से भारत वापस लाए गए एक भारतीय नाविक के शव को देखकर परिजनों के होश उड़ गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मृतक के शरीर से कई मुख्य अंग गायब हैं। इस खौफनाक मामले के सामने आने के बाद 'फेडरेशन ऑफ सीफेरर्स यूनियंस ऑफ इंडिया' (FSUI) ने उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
मृतक नाविक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले राकेश चौहान के रूप में हुई है। राकेश पिछले साल नवंबर में मर्चेंट नेवी में नौकरी के लिए वेनेजुएला गए थे। वेनेजुएला में संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उनके शव को भारत भेजा गया। राकेश की शादी 2023 में हुई थी और उनका 6 महीने का एक बेटा है। वह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे।
बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट के भेजा शव
FSUI के अनुसार, वेनेजुएला के अधिकारियों ने राकेश का शव तो भारत भेज दिया, लेकिन मौत की वजह साफ नहीं की। सबसे बड़ी लापरवाही यह रही कि शव के साथ कोई पोस्टमार्टम रिपोर्ट या आधिकारिक दस्तावेज नहीं दिए गए, जिससे मौत के हालातों का पता चल सके। परिजनों को पहले कंपनी से फोन आया था कि राकेश जहाज पर गिर गए हैं और उनका इलाज चल रहा है। इसके बाद अचानक मौत की खबर दे दी गी।
भारतीय डॉक्टरों की जांच में हुआ डरावना खुलासा
भारत में जब दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया, तो एक बेहद चौंकाने वाली और डरावनी सच्चाई सामने आई। FSUI ने सोशल मीडिया पर बताया कि राकेश के शरीर में एक भी मुख्य ऑर्गन नहीं बचा था। दिमाग, दिल, दोनों फेफड़े, लिवर, किडनी, पेट और आंत समेत लगभग सभी जरूरी अंग गायब थे। शव पर गर्दन से लेकर पेट के निचले हिस्से तक 22 टांके और एक कान से दूसरे कान तक 21 टांके लगे हुए थे।अंगों के न होने के कारण भारतीय डॉक्टर भी मौत की असली वजह का पता नहीं लगा पाए।
परिवार ने की सख्त कार्रवाई की मांग
राकेश के पिता रामदेव चौहान और गांव के पूर्व प्रधान घनश्याम सिंह का आरोप है कि राकेश की हत्या कर उनके अंगों की तस्करी की गई है और कंपनी इसमें शामिल है। दुखी परिवार ने सरकार से मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, दोषी कंपनी पर सख्त कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 1 July 2026 at 09:14 IST