अपडेटेड 18 March 2026 at 14:46 IST

जंग के बीच भारत के लिए बड़ी खुशखबरी, UAE से 80886 मीट्रिक टन क्रूड ऑयल लेकर पहुंचा 'जग लाडकी'; मिलेगी बड़ी राहत

पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालातों के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से निकला एक और जहाज भारत पहुंच चुका है। क्रूड ऑयल टैंकर 'जग लाडकी' बुधवार को गुजरात के अडानी पोर्ट्स, मुंद्रा पहुंच गया।

Follow :  
×

Share


क्रूड ऑयल टैंकर 'जग लाडकी' पहुंचा गुजरात | Image: ANI

होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी तनाव और कई बाधाओं के बावजूद भारत की ऊर्जा आपूर्ति को बड़ी राहत मिली है। पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालातों के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से निकला एक और जहाज भारत पहुंच चुका है। भारतीय ध्वज वाला क्रूड ऑयल टैंकर 'जग लाडकी' बुधवार को गुजरात के अडानी पोर्ट्स, मुंद्रा पहुंच गया। जहाज पर सवार सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। फुजैराह टर्मिनल पर लोडिंग के दौरान ड्रोन हमले की घटना के बावजूद जहाज और क्रू को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

यह जहाज संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह बंदरगाह से लगभग 80,886 मीट्रिक टन मुरबान क्रूड ऑयल लेकर रवाना हुआ था। फुजैराह पोर्ट पर लोड के दौरान कुछ ड्रोन हमले हुए थे, बावजूद जहाज सुरक्षित बचकर निकल गया। जहाज में सवार सभी क्रू मेंबर सुरक्षित है। उम्मीद है कि पश्चिम एशिया में जारी सप्लाई में समस्याओं के बीच यह भारत में रिफाइनरी के काम में मदद करेगा।

जग लाडकी सुरक्षित पहुंचा गुजरात

टैंकर 'जग लाडकी' की लंबाई 274.19 मीटर, चौड़ाई 50.04 मीटर है। इसका डेडवेट टन भार करीब 1,64,716 टन और ग्रॉस टन भार लगभग 84,735 टन है। ईरान के साथ मैत्रीपूर्ण सहयोग और कूटनीतिक प्रयासों से भारतीय जहाजों को सुरक्षित मार्ग मिला, जिससे ऊर्जा आयात में यह महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है।

 क्रूड ऑयल लेकर आया जग लाडकी

'जग लाडकी' होर्मुज स्ट्रेट से प्रभावित क्षेत्र से सुरक्षित निकलने वाला यह चौथा भारतीय ध्वजवाहक जहाज है। इससे पहले एलपीजी टैंकर 'शिवालिक' और 'नंदा देवी', 'जग प्रकाश'  जैसे भारतीय ध्वजवाहक जहाज भी होर्मुज पार कर मुंद्रा पहुंच चुके हैं। इन जहाजों के आने से देश में गैस और क्रूड ऑयल की आपूर्ति धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद जगी है।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अब भी फंसे इतने भारतीय जहाज

होर्मुज स्ट्रेट पर भारतीय झंडे वाले 24 जहाज फंसे हुए हैं, जिनमें से धीरे-धीरे कुछ बाहर आ रहे हैं। बताया गया है कि इन जहाजों में 611 भारतीय नाविक सवार हैं, जो सुरक्षित हैं। इससे पहले शिपिंग मंत्रालय के अधिकारी  राजेश कुमार सिन्हा ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया था कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह बंदरगाह पर हमले के बावजूद भारतीय ध्वज वाला कच्चा तेल टैंकर सुरक्षित निकलने में कामयाब हुआ। बुधवार को यह सुरक्षित गुजरात पहुंच गया।

यह भी पढ़ें: युद्ध के बावजूद ईरान ने चीन समेत इन देशों को भेजा लाखों बैरल तेल
 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 18 March 2026 at 14:46 IST