अपडेटेड 21 February 2025 at 19:25 IST
भारत ने रूस-यूक्रेन युद्ध पर कहा: हमारा रुख पहले की तरह है, वार्ता और कूटनीति आगे की राह
रियाद में आयोजित अमेरिका-रूस वार्ता की पृष्ठभूमि में भारत ने कहा कि यूक्रेन-रूस युद्ध पर उसका रुख पहले की तरह है तथा वार्ता और कूटनीति आगे का रास्ता है।
रियाद में आयोजित अमेरिका-रूस वार्ता की पृष्ठभूमि में भारत ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेन-रूस युद्ध पर उसका रुख पहले की तरह है तथा वार्ता और कूटनीति आगे का रास्ता है। अमेरिका और रूस के शीर्ष अधिकारियों ने हाल ही में सऊदी अरब की राजधानी में मुलाकात की तथा फरवरी 2022 में शुरू हुए युद्ध को समाप्त करने के तरीकों पर चर्चा की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से उनकी साप्ताहिक ब्रीफिंग में, बदलती वैश्विक राजनीतिक गतिशीलता के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध पर भारत के रुख के बारे में पूछा गया।
यह पूछे जाने पर कि क्या भारत ने अपने रुख में कोई बदलाव किया है, इस पर जायसवाल ने कहा, ‘‘हमारा रुख पहले जैसा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि इस मुद्दे को सुलझाने के लिए बातचीत और कूटनीति ही आगे का रास्ता है’’ और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया अमेरिका यात्रा के दौरान की गई टिप्पणियों का हवाला दिया।
वाशिंगटन में, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी व्यापक वार्ता के बाद मोदी ने कहा था कि भारत युद्ध पर तटस्थ नहीं रहा है और वह शांति के पक्ष में है। प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन में युद्ध को समाप्त करने के ट्रंप के प्रयासों का स्वागत किया था।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 21 February 2025 at 19:25 IST