IMD Weather Alert: अगले 48 घंटे में आने वाला है मानसून... दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में 6 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट
IMD Weather Alert: उत्तर और मध्य भारत के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। IMD के अनुसार, भीषण गर्मी और उमस झेल रहे दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले 48 घंटों के भीतर मानसून दस्तक देने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 6 दिनों तक इन इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
- भारत
- 2 min read
IMD Weather Alert: भीषण गर्मी और उमस से बेहाल उत्तर और मध्य भारत के लोगों के लिए आखिरकार राहत की बड़ी खबर आ गई है। IMD ने एक ताजा चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि अगले 48 घंटों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ते हुए दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई उत्तर भारतीय राज्यों में दस्तक देने जा रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नम हवाओं के चलते मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो चुकी हैं। इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार और राजस्थान जैसे राज्यों में अगले 6 दिनों तक लगातार और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-NCR में 6 दिनों तक होगी झमाझम बारिश
राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से 'फील्स लाइक' तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा था, जिससे लोग बेहाल थे। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो जाएंगी और उसके तुरंत बाद मानसून विधिवत दिल्ली में प्रवेश कर जाएगा। आने वाले 6 दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लिए 'ऑरेंज अलर्ट'
उत्तर प्रदेश में इस समय दोहरे मौसम का असर देखने को मिल रहा है। जहां एक तरफ पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में उमस भरी गर्मी और हीटवेव का असर है, वहीं मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों में स्थितियां पूरी तरह बदलने वाली हैं।मानसून की उत्तरी सीमा अब तेजी से आगे बढ़ रही है। मौसम विभाग ने पूरे उत्तर प्रदेश में अगले 5 से 6 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है।
खासकर पश्चिमी और मध्य यूपी में तेज हवाओं 40-50 किमी प्रति घंटा के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है। मॉनसून अगले 2-3 दिनों के दौरान मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के लिए अगले 6 दिन बेहद सावधानी बरतने को लेकर हैं। आईएमडी ने यहां भारी बारिश के साथ-साथ बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों पर लगातार होने वाली बारिश से भूस्खलन की घटनाएं बढ़ सकती हैं, इसलिए यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 30 June 2026 at 08:46 IST