लोकसभा चुनाव के लिए KCR ने जारी की पहली लिस्ट, 4 उम्मीदवारों का किया ऐलान

Lok Sabha Elections: BRS प्रमुख के.चंद्रशेखर राव ने आगामी संसदीय चुनावों के लिए पार्टी की पहली सूची में चार उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।

 
Follow :
केसीआर | Image: kcr

Telangana News: भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए सोमवार को चार उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची की घोषणा की। पार्टी ने दो मौजूदा सांसदों पर दोबारा भरोसा जताया है।

तेलंगाना में लोकसभा की कुल 17 सीट हैं। बीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव द्वारा घोषित उम्मीदवारों में एन. नागेश्वर राव (खम्मम), बी. विनोद कुमार (करीमनगर), मलोथ कविता (महबूबाबाद) और कोप्पुला ईश्वर (पेद्दापल्ली) शामिल हैं।

नागेश्वर राव और कविता मौजूदा लोकसभा के सदस्य हैं। विनोद कुमार पूर्व लोकसभा सदस्य हैं, जबकि कोप्पुला ईश्वर पिछली बीआरएस सरकार में मंत्री थे।

भाजपा उम्मीदवारों की दूसरी सूची कब?

वहीं, भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य एवं कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने सोमवार को संकेत दिया कि आगामी लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों की दूसरी सूची को बुधवार को अंतिम रूप दिये जाने की संभावना है।

भाजपा ने दो मार्च को 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 195 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। येदियुरप्पा ने कहा कि वह बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘परसों (बुधवार को) दिल्ली में बैठक है। मैं वहां जा रहा हूँ। संभवतः कर्नाटक सहित दूसरी सूची (लोकसभा उम्मीदवारों की) को अंतिम रूप दिया जा सकता है। इसलिए, मैं दिल्ली जा रहा हूं। मेरा मानना है कि बुधवार को सूची को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। सूची पर अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व लेगा।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या उम्मीदवारों की दूसरी सूची में कर्नाटक के सभी 28 निर्वाचन क्षेत्रों (लोकसभा सीट) के लिए उम्मीदवारों के नाम होंगे, येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘संभवतः कोई देरी नहीं होगी। सभी सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा हो सकती है’’

कर्नाटक में कुछ नये चेहरों को टिकट दिये जाने की संभावना पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के मन में क्या है। उन्होंने कहा, ‘‘अंतिम निर्णय दिल्ली में पार्टी के नेताओं द्वारा लिया जाएगा।’’

पार्टी के वरिष्ठ नेता ने यह भी नहीं बताया कि राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी जनता दल (सेक्युलर) को कितनी सीट दी जाएगी, लेकिन उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा के नेतृत्व वाली पार्टी के साथ एक समझौता किया जाएगा।

ये भी पढ़ेंः बेटियों को छेड़ा तो... मुजफ्फरनगर में इसी तर्ज पर पुलिस ने मारी गोली, तो जान की भीख मांगने लगा आरोपी

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 4 March 2024 at 21:35 IST