अपडेटेड 5 April 2024 at 19:40 IST
Jharkhand News: हेमंत के बाद CM चंपई सोरेन भी जाएंगे जेल? बाबूलाल मरांडी का बड़ा दावा, बताया ये कारण
Jharkhand News: मरांडी ने आरोप लगाया कि हेमंत ने घोटाले किए थे जिसके कारण ED ने उन्हें गिरफ्तार किया।
Jharkhand News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को आगाह किया कि अगर वह अपने पूर्ववर्ती हेमंत सोरेन की तरह राज्य के ‘‘जल, जंगल, जमीन’’ की लूट को नजरअंदाज करते हैं तो उन्हें भी जेल जाना पड़ सकता है। मरांडी ने आरोप लगाया कि हेमंत ने घोटाले किए थे जिसके कारण प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें गिरफ्तार किया।
'हेमंत घोटालों के राजा'
उन्होंने यहां भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की बैठक में कहा, ‘‘हेमंत घोटालों के राजा हैं और इसलिए ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया तथा उन्हें जेल भेजा गया।’’ मरांडी ने कहा, ‘‘जैसे ही ईडी ने परत दर परत घोटाले की जांच की तो खुलासों से पता चला कि हेमंत सोरेन झारखंड में लूट में प्रत्यक्ष तौर पर शामिल थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर मुख्यमंत्री चंपई सोरेन हेमंत की तरह राज्य में लूट को नजरअंदाज करते रहे तो उन्हें भी जेल जाने के लिए तैयार रहना चाहिए।’’ मरांडी ने पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अर्जित उपलब्धियों पर जोर देते हुए आगामी लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत को लेकर विश्वास जताया।
'आम चुनाव में 400 से अधिक सीट हासिल करने का भरोसा'
उन्होंने कहा, ‘‘यह उन वजहों में से एक है कि क्यों राजग को आम चुनाव में 400 से अधिक सीट हासिल करने का भरोसा है।’’
मरांडी ने लोकतांत्रिक देशों में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर भाजपा का उल्लेख करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से विपक्ष के दुष्प्रचार के बावजूद अपने लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करने का अनुरोध किया। उन्होंने जमीनी स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं की महत्ता पर जोर देते हुए झारखंड में सभी 14 लोकसभा सीट जीतने की भाजपा की क्षमताओं पर भरोसा जताया।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 5 April 2024 at 19:40 IST