CID पूछताछ के बीच आंखों के इलाज के लिए विदेश जाना चाहते हैं अभिषेक बनर्जी, HC ने याचिका पर तत्काल सुनवाई से किया इनकार
हाई कोर्ट ने अभिषेक को यात्रा के लिए तुरंत इजाजत देने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि देश में ही इलाज की पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं और निर्देश दिया कि मामले पर सामान्य प्रक्रिया के तहत सुनवाई की जाए।
- भारत
- 2 min read
Abhishek Banerjee news: चौतरफा मुसीबतों में घिरे तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी को कलकत्ता हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली है। दरअसल, अभिषेक ने कोर्ट में एक याचिका दायर कर विदेश जाने की इजाजत मांगी थी। उन्होंने आंखों के इलाज के लिए विदेश जाने की अनुमति मांगी थी, जिसकी पहले सर्जरी हो चुकी है। हालांकि कोर्ट ने उनकी याचिका पर तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया है।
कोर्ट में अभिषेक बनर्जी के वकील ने दलील दी कि अभिषेक को मेडिकल कारणों से विदेश यात्रा की जरूरत है। इस दौरान उन्हें पहले मिली अंतरिम सुरक्षा का भी जिक्र किया गया।
कोर्ट ने क्या कहा?
हाई कोर्ट ने अभिषेक को यात्रा के लिए तुरंत इजाजत देने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि देश में ही इलाज की पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं और निर्देश दिया कि मामले पर सामान्य प्रक्रिया के तहत सुनवाई की जाए।
आंखों के इलाज के लिए विदेश जाते हैं अभिषेक
जानकारी के अनुसार अभिषेक बनर्जी को आंखों के इलाज के लिए एक हफ्ते के लिए विदेश जाना था, जिसके लिए उन्होंने हाई कोर्ट से याचिका दायर कर इजाजत मांगी। साल 2016 में दुर्गापुर एक्सप्रेसवे पर एक सड़क दुर्घटना में उनकी आंख में गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें अक्सर विदेश में जाकर इलाज करवाना पड़ता है।
अभिषेक बनर्जी इस वक्त कई मामलों में बुरी तरह से घिरे हुए हैं। वे ED और CID की पूछताछ का सामना कर रहे हैं। बिधाननगर साइबर क्राइम थाने में दर्ज भड़काऊ भाषण मामले में कोर्ट ने अभिषेक बनर्जी को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दी थी। हालांकि, अदालत ने कोर्ट की अनुमति के बिना देश से बाहर नहीं जाने की शर्त भी लगाई थी।
पश्चिम बंगाल चुनाव में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही TMC के बुरे दिन शुरू हो गए हैं। एक तरफ पार्टी कई टुकड़ों में बंट चुकी है। TMC के कई विधायकों और सांसदों ने बगावत कर दी। इतना ही नहीं, ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने पार्टी की चेयरपर्सन ममता बनर्जी को उनके पद से हटाने और अभिषेक बनर्जी को सस्पेंड करने का ऐलान कर दिया है। पार्टी में टूट के बीच TMC के नेताओं पर कई मामलों को लेकर नकेल कस रही है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 24 June 2026 at 11:58 IST