1500 करोड़ रुपए का फ्रॉड, पूर्व कांग्रेस MLA की गुरुग्राम कोर्ट में पेशी... ऑपरेशन धप्पा से खुली मनी लॉन्ड्रिंग की पोल
हरियाणा के पूर्व कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छोकर को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने गिरफ्तार किया, जिसके बाद गुरुग्राम कोर्ट में पेशी की गई।
Dharam Singh Chhoker Arrested: हरियाणा के पूर्व कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छोकर को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने गिरफ्तार किया, जिसके बाद गुरुग्राम कोर्ट में पेशी की गई। यह मामला 2000 से ज्यादा होमबायर्स के साथ धोखाधड़ी और 1500 करोड़ रुपये की राशि की हेराफेरी से जुड़ा है। ED ने मार्च में धर्म सिंह छोकर, उनके बेटों सिकंदर छोकर (जमानत पर) और विकास छोकर (फरार), और उनकी कंपनी M/s Sai Aaina Farms Pvt. Ltd. से संबंधित 44.55 करोड़ रुपये की संपत्तियों को कुर्क किया था।
धर्म सिंह छोकर हरियाणा के पानीपत की समालखा सीट से विधायक रह चुके हैं। उनके ऊपर आरोप है कि उन्होंने 500 करोड़ रुपये का गबन किया है। दरअसल, लगभग 1500 लोगों ने दीन दयाल आवास योजना के तहत घर खरीदने के लिए साईं आइना फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड और महिंद्रा होम्स नाम की कंपनियों में पैसा लगाया था।
लोगों की खून-पसीने की कमाई हड़पने का आरोप
इन दोनों कंपनियों पर धोखाधड़ी और लोगों की खून-पसीने की कमाई के पैसे का गलत इस्तेमाल करने का आरोप है। ये दोनों कंपनियां धर्म सिंह छोकर और उनके बेटे सिकंदर सिंह छोकर से जुड़ी हैं। ED इन कंपनियों की जांच कर रही थी और मामले में धर्म सिंह छोकर सहित उनके बेटे पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया गया था।
घोटाले में कौन-कौन शामिल
बतादें दीन दयाल आवास योजना के तहत लोगों को सस्ते घर देने का वादा किया गया था। लेकिन, आरोप है कि कंपनियों ने लोगों से पैसे लेकर उनका गलत इस्तेमाल किया। इस मामले में ED अभी तक कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है। ED यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पैसे कहां गए और इस घोटाले में कौन-कौन शामिल है।
क्या था ऑपरेशन धप्पा?
दरअसल, धर्म सिंह और सिकंदर को ईडी ने पूछताछ के लिए कई बार बुलाया, लेकिन वे नहीं आए। इसके बाद पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने धर्म सिंह के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया। फिर भी वे पेश नहीं हुए। ED को अपने सूत्रों से पता चला कि धर्म सिंह दिल्ली के होटल शांगरी-ला में हैं। इसके बाद एक ऑपरेशन प्लान किया गया, जिसका नाम था ऑपरेशन धप्पा।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 5 May 2025 at 18:50 IST