हरिद्वार में मोहन भागवत और डॉ. चिन्मय पंड्या की मौजूदगी में 24 हजार दीपों से जगमगाया जन्मशताब्दी समारोह, हजारों ने लिया युग निर्माण का संकल्प

परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी समारोह में शनिवार को भव्य दीप महायज्ञ का आयोजन हुआ। 24 हजार से अधिक दीपों के एक साथ प्रज्वलित होने से पूरा परिसर दिव्य रोशनी से जगमगा उठा।

 
Follow :
mohan bhagwat | Image: RSS

परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी समारोह में शनिवार को भव्य दीप महायज्ञ का आयोजन हुआ। 24 हजार से अधिक दीपों के एक साथ प्रज्वलित होने से पूरा परिसर दिव्य रोशनी से जगमगा उठा। इस ऐतिहासिक आयोजन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पंड्या की विशेष उपस्थिति रही।

हजारों गायत्री परिजनों ने इस अवसर पर गुरुदेव और माताजी के आदर्शों को जीवन में उतारने तथा युग निर्माण के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। दीप महायज्ञ का दृश्य अत्यंत मनोहारी रहा। हजारों दीपों के माध्यम से जन्मशताब्दी समारोह और गायत्री महामंत्र की आकर्षक आकृतियां उकेरी गईं। यह आयोजन केवल आस्था और श्रद्धा का प्रतीक नहीं, बल्कि आत्मजागरण, सामाजिक परिवर्तन और लोकमंगल के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश भी बना।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि किसी भी संगठन के लिए सौ वर्ष की यात्रा पूरी करना आसान नहीं होता और उसे अनुशासनपूर्वक आगे बढ़ाना उससे भी बड़ी साधना है। उन्होंने कहा कि ईश्वरीय कार्यों के संचालन के लिए भगवान योग्य व्यक्तियों और संगठनों को उत्तरदायित्व सौंपते हैं। वर्तमान विश्व अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है और मानवता को दिशा देने की क्षमता भारतीय संस्कृति एवं सनातन चिंतन में निहित है।

कार्यक्रम में डॉ. चिन्मय पंड्या ने भी गायत्री परिवार की विचारधारा, गुरुदेव के युग निर्माण अभियान और समाज में आध्यात्मिक चेतना के विस्तार के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में गायत्री परिवार निरंतर युवा शक्ति को सेवा, साधना, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रहा है। समारोह में माननीय राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को विशेष सम्मान और श्रेष्ठ स्थान दिया गया है। वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा ने नारी शक्ति के समक्ष एक अनुकरणीय आदर्श प्रस्तुत किया है। उन्होंने जन्मशताब्दी समारोह को भारतीय संस्कृति, ऋषि परंपरा और मानवीय मूल्यों के पुनर्जागरण का महत्वपूर्ण अवसर बताया।

संस्था की अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी ने अपने संदेश में कहा कि दीपयज्ञ की वास्तविक सार्थकता अपने भीतर की श्रेष्ठ शक्तियों को जागृत कर उन्हें समाज और सृष्टि के कल्याण के लिए समर्पित करने में है। इस अवसर पर राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन और श्रद्धेया शैलदीदी ने 'मां बोलती है' पुस्तक का विमोचन किया। डॉ. चिन्मय पंड्या ने राज्यपाल को स्मृति चिह्न एवं युग साहित्य भेंटकर सम्मानित किया।

उल्लेखनीय है कि जन्मशताब्दी समारोह के अवसर पर इससे पहले आयोजित कार्यक्रम में डॉ. मोहन भागवत ने गायत्री परिवार की सौ वर्षों की यात्रा और संगठनात्मक अनुशासन की सराहना की थी। समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और विभिन्न आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से गुरुदेव एवं माताजी के विचारों को स्मरण किया गया। कार्यक्रम के समापन पर हजारों परिजनों ने सामूहिक संकल्प लिया कि पूज्य गुरुदेव द्वारा प्रज्वलित ज्ञान, सेवा और युग निर्माण की मशाल को प्रत्येक हृदय तक पहुंचाया जाएगा। 24 हजार दीपों की यह ज्योति समाज में सकारात्मक परिवर्तन और आध्यात्मिक जागरण के संकल्प का प्रतीक बन गई।

इसे भी पढ़ें- मां की अर्थी को कंधा देकर निभाया पुत्रधर्म...CM योगी के लिए कुमार विश्वास का भावुक संदेश; आद्य शंकराचार्य से की तुलना
 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 21 November 2026 at 22:18 IST