अपडेटेड 5 February 2024 at 21:59 IST
'हमेशा एक ही मंत्रालय क्यों?..', फिर छलका मांझी का दर्द; फ्लोर टेस्ट से पहले सौंप दी मांगों की लिस्ट
Bihar News: बिहार में नई NDA सरकार के शक्ति प्रदर्शन से पहले जीतन राम मांझी का दर्द एक बार फिर छलक उठा है।
Bihar News: बिहार में नई NDA सरकार के शक्ति प्रदर्शन से पहले जीतन राम मांझी का दर्द एक बार फिर छलक उठा है। एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने अपने मांगों की लिस्ट बता दी है। मांझी ने संबोधन के दौरान सवाल किया है कि हर बार उन्हें एक ही मंत्रालय क्यों दिया जाता है।
जीतन राम मांझी ने क्या कहा?
जीतन राम मांझी ने कहा- 'चूंकि हम गांव से संबंध रखते हैं, हमारी पार्टी का 8 साल हो गया और 43 साल राजनीति में हो गया। हमसे लोग अपेक्षा रखते है कि सड़क, पुल, आवास, चापाकल (हैंडपंप) बनवा दीजिए। काम हुआ भी है और लोगों से कहकर करवाते भी हैं, लेकिन मंत्रालय स्वयं को मिल जाए तो काफी काम हो सकता है। इसलिए, हम कहा करते हैं, SC-ST विभाग अच्छा है, लेकिन हमेशा एक ही विभाग लें, यह अच्छा नहीं लगता है।'
मांझी ने कहा- 'हमारे नेता हमको दिए हैं तो यह उनकी मर्जी है। हमें दिक्कत नहीं है, लेकिन गार्जियन से अपना दुखड़ा बताना भी फर्ज बनता है। इसलिए हमारे गार्जियन हमारी मांग पर विचार करें।'
बिहार सरकार को समर्थन देने पर बयान
बिहार सरकार को समर्थन देने की बात पर मांझी ने कहा- 'कोई रंजिश नहीं है। इससे समर्थन लेने और देने पर कोई फर्क नहीं पड़ता है। हम NDA के साथ हैं और रहेंगे और 12 फरवरी को फ्लोर टेस्ट में डटकर साथ देंगे, लेकिन परिवार और एक अंग के नाते यदि हमारी मांग पूरी करते तो अच्छा रहता।'
आपको बता दें कि बिहार में पिछले हफ्ते सत्ता गंवाने वाले महागठबंधन के दूसरे सबसे बड़े घटक दल कांग्रेस के तीन विधायकों को छोड़कर सभी विधायक NDA द्वारा खरीद-फरोख्त किए जाने की आशंका के बीच रविवार, 4 फरवरी को हैदराबाद पहुंच गए। इस पर बीजेपी ने भी चुटकी ली थी।
बीजेपी नेता अजय आलोक ने चुटकी लेते हुए कहा था कि पूरी कांग्रेस डरी हुई है। खलबली मची हुई है। कभी झारखंड से हैदराबाद और कभी बिहार से हैदराबाद। आश्चर्य है। बहुमत साबित करना है NDA को और भाग रहे है विपक्षी।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 5 February 2024 at 21:59 IST