गुरुग्राम में काली थार का कहर, नशे में धुत्त चालक ने कैब को बार-बार मारी टक्कर; खुल गए एयरबैग्स- खौफनाक VIDEO वायरल

गुरुग्राम से एक ब्लैक थार के तांडव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें चालक बार-बार कैब को बुरी तरह टक्कर मारता नजर आ रहा है। टक्कर इतनी जोरदार रही कि कैब के एयरबैग्स तक खुल गए।

 
Follow :

Gurugram: गुरुग्राम के सेक्टर-89 से एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। यहां देर रात दिल्ली नंबर की काली महिंद्रा थार के चालक ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि चालक नशे में धुत था और उसने एक कैब को बार-बार टक्कर मारकर दहशत का माहौल पैदा कर दिया। पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, थार में चार दोस्त सवार थे। सेक्टर-89 पहुंचने पर किसी बात को लेकर उनके बीच तीखी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर दो युवक गाड़ी से उतर गए और घर जाने के लिए रैपिडो कैब बुक कर उसका इंतजार करने लगे। कैब के मौके पर पहुंचते ही दोनों युवक उसमें बैठ गए। यह देख थार चालक का गुस्सा भड़क गया। आरोप है कि नशे में धुत चालक ने कैब को निशाना बनाते हुए अपनी थार को बार-बार रिवर्स किया और तेज रफ्तार से उसमें टक्कर मार दी।

रैपिडो कैब बुरी तरह क्षतिग्रस्त

इस दौरान रैपिडो कैब चालक बार-बार ऐसा न करने की गुहार लगाता रहा। इसके बावजूद थार चालक नहीं रुका और कैब में लगातार टक्कर मारता रहा। इस हमले में कैब का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी भीषण रही कि कार का अगला हिस्सा पिचक गया और एयरबैग तक खुल गए। इस दौरान तीनों कैब के अंदर ही सवार थे।

एयरबैग खुलने से बची जान

हालांकि, गनीमत रही कि एयरबैग खुलने के कारण कैब चालक और उसमें सवार यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। इस दौरान किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आई है। घटना के वीडियो में भी थार चालक की हरकतें साफ नजर आ रही हैं। वो कैब को नुकसान पहुंचाने के इरादे से थार को तेज रफ्तार में भगाता और फिर टक्कर मारता नजर आ रहा है। इस घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी शख्स ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से वायरल हो गया है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पीड़ित कैब चालक की शिकायत पर खेड़कीदौला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। खेड़कीदौला थाना पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल की गई थार दिल्ली के नंबर पर रजिस्टर्ड पाई गई है। पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर उसके मालिक और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: साड़ी पहन लापता हुई विकास की पत्नी मौसम 7 साल बाद बुर्के में मिली, बन चुकी है जुबैर के 2 बच्चों की मां; सन्न कर देगा बिहार टू हैदराबाद का ये कांड
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 20 September 2026 at 10:03 IST