अपडेटेड 9 July 2025 at 15:27 IST
Gujarat Bridge Collapse Update: हादसे में मरने वालों का बढ़ा आंकड़ा, अब तक 9 शव बरामद; CM ने दिए जांच के आदेश
वडोदरा में हुए गंभीरा पुल हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। अब तक 9 शव बरामद कर लिए गए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी जारी है। वहीं, सीएम भूपेंद्र पटेल ने घटना पर दुख जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
गुजरात के वडोदरा ब्रीज हादसे में मरने वालों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। अब तक कुल 9 शव बरामद कर लिए गए हैं। युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। महिसागर नदी पर टूटे गंभीरा पुल के किनारे एक ट्रक खतरे की स्थिति में अभी भी लटका हुआ है। हादसे पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दुख जताते हुए घटना के जांच के आदेश दिए हैं।
गुजरात के वडोदरा जिले में एक बड़ा हादसा उस वक्त हुआ, जब अचानक पादरा में महिसागर नदी पर आनंद और वडोदरा जिलों को जोड़ने वाले गंभीरा पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे में कई वाहन महिसागर नदी में समा गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुल का एक हिस्सा तेज आवाज के साथ धंस गया, जिससे उस पर चल रहे वाहन सीधे नदी में जा गिरे।
पुल हादसे में मरने वालों का आंकड़ा बढ़ा
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत बचाव के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस, दमकल विभाग और NDRF की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक नदी के अंदर से 9 शव बरामद कर लिए गए हैं। कई गाड़ियों को भी क्रेन की मदद से पानी से बाहर निकाला जा रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी है।
नदी में समा गई कई गाड़ियां
हादसे के बाद महिसागर नदी पर टूटे गंभीरा पुल के किनारे एक ट्रक खतरे की स्थिति में लटका हुआ है। फिलहाल उसे निकाला नहीं जा सका है, जो एक बड़ा खतरा है। वडोदरा कलेक्टर अनिल धमेलिया ने कहा, "आज सुबह गंभीरा पुल का ये हिस्सा ढह गया...दो ट्रक, एक पिकअप गाड़ी, एक इको, एक ऑटो रिक्शा गिर गए हैं। बचाव अभियान जारी है। स्थानीय तैराक, नावें, नगर निगम की टीम तुरंत पहुंच गई। बाकी प्रशासन, NDRF की टीमें तैनात हैं। बचाव कार्य जल्द ही पूरा हो जाएगा... अब तक हमने 9 शव निकाले हैं। कई लोग घायल हैं, उनका इलाज चल रहा है।"
CM ने दिए जांच के आदेश
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गंभीरा पुल हादसे में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया और घटना की जांच के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा, "आणंद और वडोदरा को जोड़ने वाले गंभीरा पुल के 23 स्पैन में से एक के ढहने से हुई त्रासदी दुखद है। मैं इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के लिए प्रार्थना करता हूं। मैंने वडोदरा कलेक्टर से बात की है और उन्हें घायलों के तत्काल उपचार और प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय नगरपालिका और वडोदरा नगर निगम की दमकल टीम नावों और तैराकों के साथ दुर्घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्य में लगी हुई है, जबकि NDRF की टीम भी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान में शामिल हो गई है। सड़क निर्माण विभाग को इस दुर्घटना की तत्काल जांच करने के आदेश दिए गए हैं। "
गोताखोरों की मदद से नदी में तलाशी
CM भूपेंद्र पटेल ने पुल हादसे के जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल गंभीरा पुल के ढहने के पीछे का कारण सामने नहीं आया है। अब तक कितने लोग घायल या लापता हैं, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। राहत कार्य तेजी से चल रहा है और गोताखोरों की मदद से नदी में तलाशी अभियान जारी है। हादसे के बाद सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गंभीरा नदी पर बना पुल टूट कर दो हिस्सों में बंट गया है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 9 July 2025 at 15:11 IST