Breaking: गुजरात से बड़ी खबर, JP Nadda ने राज्यसभा सांसद की सदस्यता ली
Gujarat News: गुजरात में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्यसभा सांसद की सदस्यता ली।
Gujarat News: राज्यसभा चुनाव में हाल ही में निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा और पांच अन्य नेताओं ने शनिवार को उच्च सदन की सदस्यता की शपथ ली।
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने सभी को शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले अन्य लोगों में अशोकराव शंकरराव चव्हाण (महाराष्ट्र), चुन्नीलाल गरासिया (राजस्थान), अनिल कुमार यादव मंडाडी (तेलंगाना), सुष्मिता देव और मोहम्मद नदीमुल हक (दोनों पश्चिम बंगाल) शामिल हैं।
धनखड़ के कार्यालय ने शपथ-ग्रहण की तस्वीरें साझा करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत के उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति, जगदीप धनखड़ ने आज संसद भवन में जगत प्रकाश नारायण लाल नड्डा जी को राज्यसभा के निर्वाचित सदस्य के रूप में शपथ दिलाई।’’
सोनिया ने राज्यसभा में संसदीय पारी शुरू की
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ली और इसी के साथ उच्च सदन में उनकी संसदीय पारी का आगाज हुआ। सोनिया गांधी 25 साल तक लोकसभा की सदस्य रहने के बाद राज्यसभा पहुंची हैं। वह राजस्थान से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने उच्च सदन में मनमोहन सिंह का स्थान लिया है जिनका राजस्थान से राज्यसभा का कार्यकाल तीन अप्रैल को पूरा हुआ।
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने उन्हें शपथ दिलाई। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के कई अन्य नेता मौजूद थे। 77 वर्षीय सोनिया गांधी ने हिंदी भाषा में शपथ ली।
उच्च सदन में यह सोनिया गांधी का पहला कार्यकाल होगा। कांग्रेस नेता उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करती थीं। वह आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। 1999 में कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद वह पहली बार सांसद चुनी गईं थी।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बाद सोनिया गांधी राज्यसभा में प्रवेश करने वाली गांधी परिवार की दूसरी सदस्य होंगी। इंदिरा गांधी अगस्त 1964 से फरवरी 1967 तक उच्च सदन की सदस्य थीं।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 6 April 2024 at 16:05 IST