Gujarat: कच्छ में ट्रक से टकराकर दो टुकड़ों में बंटी कार, आर्मी परिवार के 7 लोगों की मौत; PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
गुजरात के कच्छ में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर कार और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हुई, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार दो टुकड़ों में बंट गई। पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है।
- भारत
- 4 min read
Kutch Road Accident: गुजरात के कच्छ में देर रात भीषण सड़क हादसा हु्आ है। भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर एक कार और ट्रक की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल के निवासी हैं। वे भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से ताल्लुक रखते थे। वे रण ऑफ कच्छ से भुज की ओर लौट रहे थे, कभी इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए।
टक्कर के बाद दो टुकड़ों में बंटी कार
कार और ट्रक के बीच इतनी जोरदार टक्कर हुई कि कार के परखच्चे तक उड़ गए। इतना ही नहीं, टक्कर के बाद कार दो टुकड़ों में बंट गई। हादसा इतना भयंकर था कि मौके पर राहत और बचाव के लिए पहुंचे लोगों को मलबा हटाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सड़क पर बिखरे शव
स्थानीय लोगों और राहगीरों के अनुसार, हादसे के बाद कार बुरी तरह तबाह हो चुकी थी। सड़क पर शव पड़े थे। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।
ओवरटेक करने की कोशिश में हुआ हादसा?
एसपी विकास सुंडा ने बताया, '21 नवंबर की रात 9:30 बजे से 10:00 बजे के बीच भुज-खावड़ा हाईवे पर एक दुखद घटना घटी। खावड़ा से भुज की ओर जा रही एक कार भुज से खावड़ा की ओर जा रहे एक ट्रक से टकरा गई। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि टक्कर तब हुई जब कार ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी। कार में सवार लोग घायल हो गए। एक पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की।'
उन्होंने बताया, 'एक एम्बुलेंस को बुलाया गया। हालांकि, दुर्भाग्य से कार में सवार सभी सात लोगों- जिनमें दो पुरुष, दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल थे- की जान चली गई। एक एफएसएल (फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला) टीम वर्तमान में साइट की जांच कर रही है और घटना की आगे की जांच जारी है।'
हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे में हुई मौत पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ यानी प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। साथ ही घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
पीएमओ ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। पीएम मोदी ने कहा, 'गुजरात के कच्छ में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से बहुत दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
पीएम मोदी ने मुआवजे का किया ऐलान
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 22 November 2026 at 12:28 IST