Goa Nightclub Fire: गोवा नाइट क्लब हादसे में 23 मौतों पर PM मोदी ने जताया दुख, किया मुआवजे का ऐलान; राष्ट्रपति मुर्मू भी हुईं गमगीन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये के मुआवजे का ऐलान किया।
- भारत
- 3 min read
PM Modi on Goa Nightclub Fire: गोवा के एक फेमस नाइट क्लब में शनिवार देर रात सिलेंडर विस्फोट से 23 लोगों की मौत हो गई है। हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएम ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
पुलिस के मुताबिक, गोवा की राजधानी पणजी से करीब 25 किमी दूर एक फेमस पार्टी वेन्यू बिर्च बाय रोमियो लेन में करीब 12 बजे आग लगी। आग लगने का मुख्य कारण सिलेंडर माना जा रहा है। लेकिन इसकी असल जांच की जा रही है।
दुखद घटना में कई कीमती जानें गईं- राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने X पर ट्वीट कर लिखा, 'नॉर्थ गोवा जिले में आग लगने की दुखद घटना से बहुत दुख हुआ, जिसमें कई कीमती जानें गईं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत मिले। मैं घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।'
पीएम मोदी ने जताया दुख
वहीं पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा, 'गोवा के अरपोरा में आग लगने की घटना बहुत दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से स्थिति के बारे में बात की। राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दे रही है।'
PM मोदी ने मुआवजे का किया ऐलान
इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। जबकि घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने ट्वीट कर बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे हादसे के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पीएम मोदी को जमीनी हालात के बारे में बताया। सीएम सावंत ने कहा कि गोवा सरकार इस मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद कर रही है।
दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई- CM
नाइट क्लब में आग रात करीब 12 बजे लगी, जिसकी सूचना आनन-फानन में पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक कई लाशें बिछ चुकी थी। सीएम सावंत के मुताबिक, ज्यादातर मौतें दम घुटने से हुई है। उन्होंने खुद घटनास्थल का दौरा किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 7 December 2025 at 07:59 IST