'राहुल गांधी मनबढ़ू, सनकी और उद्दंड व्यक्ति, अमित शाह की तुलना करेंगे?', गिरिराज सिंह का तीखा प्रहार

गिरिराज सिंह ने कहा कि संसदीय व्यवस्था में एक लोकतांत्रिक मर्यादा होती है, लेकिन राहुल गांधी सिर्फ चुनौतियां देने का काम करते हैं। वे कहते हैं कि हमारे एक सांसद ने ठीक कहा कि वे एक उद्दंड लड़के की तरह काम करते हैं।

 
Follow :
Rahul Gandhi Giriraj Singh | Image: ANI

Giriraj Singh: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस नेता की तुलना गांव के एक उद्दंड और मनबढ़े लड़के से की। गिरिराज सिंह के मुताबिक, उनके चेहरे के हावभाव और बात करने का तरीका एक गैर-जिम्मेदार बच्चे जैसा है।

गिरिराज सिंह ने संसद की गरिमा का हवाला देते हुए कहा कि संसदीय व्यवस्था में एक लोकतांत्रिक मर्यादा होती है, लेकिन राहुल गांधी सिर्फ चुनौतियां देने का काम करते हैं। वे कहते हैं, 'हमारे एक सांसद ने ठीक कहा कि वे एक उद्दंड लड़के की तरह काम करते हैं। वे विपक्ष के नेता हैं, चुनौती देते हैं संसदीय व्यवस्था में कोई चुनौती देता है? संसदीय व्यवस्था में एक गरिमा होती है, एक लोकतांत्रिक मर्यादा होती है। आप अमित शाह की तुलना करेंगे? उन्होंने देश को बता दिया कि धारा 370, 35ए कैसा हटता है और CAA कैसे लागू होता है।'

शाह ने राहुल गांधी की पोल खोली- गिरिराज

उन्होंने तीखा हमला करते हुए कहा कि आप चाहते हैं कि देश में आतंक फैले और आप खुद 'अर्बन नक्सल' की भूमिका में हैं। अगर आप में हिम्मत है तो संसदीय व्यवस्था में अपनी बात कहिए और दूसरों की बात सुनने का साहस भी रखिए। आपका तरीका सिर्फ 'हिट एंड रन' का है- आए, हमला किए और भाग गए। गृह मंत्री अमित शाह ने आपकी सारी पोल खोलकर रख दी है। उनमें हिम्मत ही नहीं है कि वे नीट पर चर्चा कर सकें। जब गोली पर चर्चा होगी तो नीट पर भी विस्तार से चर्चा होगी। और जब नीट पर चर्चा होगी तो सिर्फ एक जगह की नहीं, बल्कि पंजाब, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, झारखंड समेत देश के अन्य सभी राज्यों की स्थिति पर भी बात की जाएगी। लेकिन आपके पास इस चर्चा का सामना करने की हिम्मत ही नहीं है।

August 13, 2026

राहुल गांधी मनबढ़ू व्यक्ति- गिरिराज सिंह

गिरिराज सिंह यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने जनता की गाढ़ी कमाई के 100 करोड़ रुपये से अधिक स्वाहा कर दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि 80 फीसदी सांसद जिनमें उनके भी शामिल हैं, संसद की चर्चा में भाग लेकर अपने क्षेत्र के विकास पर बात करना चाहते थे। लेकिन एक मनबढ़ू, सनकी और उद्दंड व्यक्ति की जिद के कारण पूरी संसदीय व्यवस्था की दुर्दशा हो गई।

खड़गे पर भी साधा निशाना

गिरिराज सिंह कहते हैं कि देश के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। कांग्रेस को चुल्लू भर पानी में डूब जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इतने उम्रदराज हैं, दो-दो, तीन-तीन पुश्तें देखने के बाद भी वह राहुल गांधी की चमचागिरी में लगे रहते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यह रवैया कांग्रेस और देश की संसदीय व्यवस्था दोनों को नष्ट कर देगा।

यह भी पढ़ें: भारत में सुबह-सुबह कांपी धरती, लद्दाख के लेह में आया जोरदार भूकंप, जानिए कितनी रही तीव्रता
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 13 August 2026 at 11:51 IST