अपडेटेड 19 December 2023 at 23:42 IST
CM योगी ने नोएडा एयरपोर्ट को IGI से जोड़ने के दिए निर्देश, मेट्रो-रैपिड रेल से भी होगी कनेक्टिविटी
सीएम योगी ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कनेक्ट किए जाने की जरूरत है। इसके लिए रैपिड रेल और मेट्रो एक बेहतर ऑप्शन हो सकता है।
राघवेंद्र पांडेय
Uttar Pradesh News: सीएम योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट नोएडा इंटरनेशनल ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को मेट्रो, हाई स्पीड रैपिड रेल और रोड की सीधी और बेहतरीन कनेक्टिविटी मिलने वाली है। इसको लेकर मंगलवार (19 दिसंबर) को लखनऊ में एक समीक्षा बैठक हुई।
खबर में आगे पढ़ें...
- नोएडा एयरपोर्ट तक होगी मेट्रो-रेल की कनेक्टिविटी
- सीएम योगी ने मीटिंग में क्या निर्देश दिए?
सीएम योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC), उत्तर रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, एनएचएआई और प्रदेश सरकार के अधिकारियों के एक बैठक की, जिसमें उन्होंने एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को लेकर जरूरी निर्देश दिए।
'आज बदल गई जेवर की पहचान...'
सीएम योगी ने इस दौरान कहा कि कुछ सालों पहले तक जेवर का पूरा क्षेत्र अपराध की जद में था। यहां दिनदहाड़े छीना झपटी, लूट की घटनाएं होती थी। आज इसकी पहचान अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से हो रही है। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट के पास ही फिल्म सिटी भी बन रही है। अगले कुछ सालों में यह एनसीआर का सबसे विकसित क्षेत्र होगा। जेवर एयरपोर्ट, एयर कार्गो का बड़ा हब बनने जा रहा है।
'IGI एयरपोर्ट से हो सीधी कनेक्टिविटी, इसलिए...'
एक अनुमान के मुताबिक जेवर एयरपोर्ट 2024-25 में हर साल 65 लाख यात्रियों को सेवाएं देगा। वहीं 2042-43 तक यह बढ़कर 7 करोड़ प्रतिवर्ष होने की भी संभावना है। सीएम योगी ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कनेक्ट किए जाने की जरूरत है। इसके लिए रैपिड रेल और मेट्रो एक बेहतर ऑप्शन हो सकता है। इस संबध में भारत सरकार, एनसीआरटीसी से आवश्यक सहयोग परामर्श लेकर प्रस्ताव तैयार किया जाए। प्रदेश सरकार की ओर से इसके लिए सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमें फरवरी 2024 में जेवर एयरपोर्ट के रनवे पर ट्रायल लैंडिंग कराना होगा। इसको ध्यान में रखते हुए रनवे निर्माण, लाइटिंग आदि के काम में तेजी जरूरी है। इस दौरान रेलवे के अधिकारियों ने सीएम योगी को बताया कि जेवर एयरपोर्ट को बेहतर कनेक्टिविटी के उद्देश्य से स्थानीय चोला से रुंधी तक लगभग 98 किलोमीटर की दूरी तक एक नई रेल लाइन पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए रेलवे बोर्ड में प्रक्रिया धीन है।
सीएम ने ये निर्देश भी दिए
बता दें कि इस बैठक में सीएम योगी की ओर से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरणों के अधिकारियों को भूमि उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही जेवर एयरपोर्ट की सुरक्षा और जन सुविधा के लिए नए थानों, फायर स्टेशन, ड्रेनेज व्यवस्था भी सुनिश्चित कराने को कहा गया।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 19 December 2023 at 23:42 IST