अपडेटेड 2 March 2025 at 20:18 IST

गैंगस्टर गिरफ्तार, तीन अत्याधुनिक हथियार बरामद : पंजाब पुलिस

पंजाब पुलिस ने रविवार को कहा कि उसने एक गैंगस्टर को गिरफ्तार करके उसके पास से तीन अत्याधुनिक हथियार बरामद किए हैं, जो पाकिस्तान से लाए गए थे।

Follow :  
×

Share


Gangster arrested three sophisticated weapons recovered Punjab Police | Image: Republic

पंजाब पुलिस ने रविवार को कहा कि उसने एक गैंगस्टर को गिरफ्तार करके उसके पास से तीन अत्याधुनिक हथियार बरामद किए हैं, जो पाकिस्तान से लाए गए थे। आरोपी की पहचान फिरोजपुर निवासी हरदीप सिंह उर्फ दीपा के रूप में हुई है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि पुलिस ने हरदीप सिंह के पास से 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, .30 एमएम बेरेटा पिस्तौल और एक पंप एक्शन गन,तीन मैगजीन और 141 कारतूस जब्त किए। उन्होंने बताया कि इसके अलावा उसके पास से 45 ग्राम हेरोइन भी बरामद की गई। यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ये हथियार किसी अज्ञात विदेशी संस्था के माध्यम से पाकिस्तान से लाए गए थे, जिनका उपयोग राज्य में आतंकवादी और आपराधिक गतिविधियों में किया जाना था।

उन्होंने कहा कि आरोपी को ये हथियार आतंकवादी और आपराधिक समूहों से जुड़े लोगों को देने थे। विदेशी संस्था की पहचान और भूमिका के साथ-साथ उसके नेटवर्क की व्यापक जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मॉड्यूल में शामिल अन्य सदस्यों की पहचान करने तथा तस्करी किए गए हथियारों के स्रोत का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

फिरोजपुर के सहायक महानिरीक्षक लखबीर सिंह ने बताया कि पुलिस टीमों को आरोपी के हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त होने के बारे में विश्वसनीय खुफिया सूचना मिली थी। यह भी पता चला है कि हरदीप सिंह ने हाल ही में आपराधिक तत्वों को आपूर्ति करने के लिए हथियारों की एक खेप हासिल की थी।

उन्होंने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कोटकपूरा में पुंज गराईं मोड़ के पास एक जांच चौकी स्थापित की और संदिग्ध कार चालक को रुकने का इशारा किया। उन्होंने बताया कि रुकने के बजाय आरोपी मौके से भाग गया, जिसके बाद उसका पीछा किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने पुंज गरैन गांव में आरोपी को उस समय गिरफ्तार कर लिया जब उसने अचानक वाहन मोड़ लिया था और उसकी गाड़ी पलट गई थी।

वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ मोगा, फिरोजपुर और फाजिल्का में शस्त्र अधिनियम, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों के तहत चार मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी को अप्रैल 2024 में जमानत पर रिहा किया गया और जेल से बाहर आने के बाद उसने आपराधिक गतिविधियां फिर से शुरू कर दीं थी।

इसे भी पढ़ें: 'हमेशा दल सर्वोपरी होता है...', आकाश पर मायावती के एक्शन पर बोले राजभर

Published By : Deepak Gupta

पब्लिश्ड 2 March 2025 at 20:18 IST