PM नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा... उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ, श्रद्धालुओं के लिए खुले गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट

Char Dham Yatra 2026: 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर उत्तराखंड में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं, जिससे चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया है।

Follow :  
×

Share


Doors of Gangotri and Yamunotri Dham open for devotees | Image: Republic

Gangotri-Yamunotri Kapat Char Dham Yatra 2026: गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट रविवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखण्ड की चारधाम यात्रा 2026 का भी शुभारंभ हो गया है। दोनों धामों में प्रधानमंत्री के नाम से पहली पूजा की गई। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में कपाटोद्घाटन समारोह में संकल्प लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से पहली पूजा की और चारधाम यात्रा के सफल आयोजन तथा देश-प्रदेश की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की मंगल कामना की है। 

श्रद्धालुओं के लिए खोले गये गंगोत्री मंदिर के कपाट 

धार्मिक परंपराओं के अनुसार, रविवार को मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से चलकर गंगोत्री धाम पहुंची। इसके साथ ही गंगोत्री धाम में विशेष पूजा-अभिषेक के साथ 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गये। मां यमुना की डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से चलकर यमुनोत्री धाम पहुंची। धार्मिक विधि- विधान के साथ  12 बजकर 35 मिनट पर यमुनात्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए।

अक्षय तृतीया के अवसर पर चारधाम यात्रा का शुभारंभ

गंगोत्री धाम के कपाटोद्घाटन समारोह में हिस्सा लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मॉं गंगा के मंदिर में शीश नवाया और विशेष पूजा-अर्चना की और देव डोली से आशीष भी प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पावन अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो चुका है। उत्तराखण्ड के चारधाम देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आस्था के प्रमुख केन्द्र हैं, और इन दिव्य धामों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करने की इच्छा हर श्रद्धालु के हृदय में रहती है।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम चारधाम यात्रा  के लिए राज्य सरकार द्वारा व्यापक और सुदृढ़ व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए हैं। साथ ही, यात्रा मार्गों पर सुचारु यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि देवभूमि उत्तराखण्ड में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को दिव्य धामों का आशीर्वाद प्राप्त होने के साथ-साथ यात्रा का एक सुखद, सुरक्षित और अविस्मरणीय अनुभव  मिले। उन्होंने सभी  श्रद्धालुओं से ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा के सफल आयोजन हेतु सहयोग की अपील करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने का आग्रह भी किया। 

ये भी पढ़ें:  सम्राट चौधरी मुख्‍यमंत्री तो बन गए लेकिन इनको ज्ञान नहीं...महिला आरक्षण बिल पर तेजस्वी का बिहार CM पर निशाना, जानिए क्यों लिया PMO का नाम

Published By : Shashank Kumar

पब्लिश्ड 19 April 2026 at 16:23 IST