अपडेटेड 9 June 2025 at 11:04 IST
'संकल्प से सिद्धि तक' कैंपेन से लेकर भारत मंडपम में कार्यक्रम तक, सत्ता में मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर BJP की ये है तैयारी
सत्ता में मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर बीजेपी देशव्यापी जनसंपर्क अभियान शुरू कर रही है। इसके जरिये भाजपा घर-घर पहुंचकर 11 सालों की उपलब्धियों का बखान करेगी।
PM Modi Govt. 11 Years: प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 11 साल का सियासी सफर पूरा कर लिया है। वहीं मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का भी एक साल पूरा हो गया है। इस मौके पर बीजेपी देशव्यापी जनसंपर्क अभियान शुरू कर रही है।
भाजपा आज यानि 9 जून से 'संकल्प से सिद्धि तक' नाम से विशेष जनसंपर्क अभियान शुरू कर रही है। इस अभियान का उद्देश्य केंद्र की मोदी सरकार के 11 सालों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना है। इस अभियान के जरिये पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मोदी सरकार की उपलब्धियां जनता के बीच लेकर जाएंगे। इसके साथ ही कांग्रेस शासन के दौरान हुई विफलताओं की भी जानकारी घर-घर पहुंचाई जाएगी।
कल भारत मंडपम में कार्यक्रम और…
इस जनसंपर्क अभियान को सफल बनाने के लिए पार्टी के अलग-अलग प्रकोष्ठ और भाजपा मोर्चा को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा 10 जून को दिल्ली के भारत मंडपम में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। साथ ही, हर राज्यों में प्रेस कॉन्फ्रेंस के आयोजन की भी योजना है। बीजेपी की तय रणनीति के अनुसार, 10 और 11 जून को प्रेंस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा नेता जिला स्तर पर मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाएंगे।
भारत संकल्प सभा का आयोजन
भारतीय जनता पार्टी ने हर मंडल में भारत संकल्प सभा के आयोजन का कार्यक्रम भी तय किया है। वहीं 15 से 20 जून के बीच अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी के तहत मंडल स्तर पर योग शिविरों के आयोजन का भी कार्यक्रम बनाया गया है। इसका मकसद यह है कि इससे लोगों में स्वास्थ्य और योग के प्रति जागरूकता बढ़े। भाजपा की ओर से अलग-अलग स्तर पर 6 जुलाई तक विविध कार्यक्रमों के आयोजन की भी घोषणा की गई है।
आपातकाल की 50वीं बरसी पर बनाई गई ये योजना
वहीं जनसंघ के संस्थापक डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी का 23 जून को बलिदान दिवस और 6 जुलाई को जयंती है। ऐसे में इसे लेकर पर विविध कार्यक्रम के आयोजन की भी योजना बनाई गई है। 25 जून को आपातकाल के 50 साल पूरे हो रहे हैं। इस मौके पर आपातकाल के खिलाफ सक्रिय रहे लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया जाएगा। मंत्रियों, सासंदों, विधायकों और संगठन से जुड़े लोगों को पार्टी की तरफ से जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 9 June 2025 at 11:04 IST