अपडेटेड 25 February 2026 at 16:09 IST
सिर में हुआ दर्द, ऑनलाइन ऑर्डर कर खाई दवा फिर मुंह से निकला झाग...झारखंड के पूर्व CM चंपाई सोरेन के पोते की मनाली में रहस्यमय मौत
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के 22 वर्षीय पोते वीर सोरेन की हिमाचल प्रदेश के मनाली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के 22 वर्षीय पोते वीर सोरेन की हिमाचल प्रदेश के मनाली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सोमवार दोपहर वीर सोरेन बिस्तर से गिरा, जिसके बाद अस्पताल ले जाते वक्त उसके मुंह से झाग निकलने लगी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि सिविल अस्पताल में एक पर्यटक मृत अवस्था में लाया गया है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक वीर सोरेन पुत्र बाबू लाल सोरेन अपने मित्र अग्नय वर्मा निवासी उत्तर प्रदेश के साथ मनाली घूमने आया था।
अग्नय वर्मा ने पुलिस को क्या बताया
पुलिस को दिए बयान में अग्नय ने कहा कि मृतक अपने मित्रों के साथ 22 फरवरी को मनाली घूमने आया था। वे सभी सिमसा के एक होमस्टे में ठहरे हुए थे। 23 फरवरी को सभी सोलंग और सेथन घूमने गए थे। शाम को पुनः होम स्टे में ठहरे। सोमवार को सभी होम स्टे के आसपास घूमकर लगभग 12:30 बजे लौटे तो वीर सोरेन सो गया। उठाने पर उसने बताया कि उसके सिर में अत्यधिक दर्द हो रहा है। जिस पर साथियों ने ब्लिंकिट के माध्यम से दवाई मंगवाकर उसे दी।
दोपहर लगभग 2:30 बजे कमरे से गिरने की आवाज आई। जाकर देखा तो वीर सोरेन बिस्तर से नीचे गिरा हुआ था। उसे गाड़ी में सिविल अस्पताल मनाली लाया गया। अस्पताल लाते समय उसके मुंह से झाग निकलना शुरू हो गया था। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा काफी देर तक सीपीआर दी गई। जांच उपरांत चिकित्साकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चंपाई सोरेन ने पोस्टमार्टम करने से किया मना
वीर सोरेन के दादा पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन भी मनाली पहुंचे। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया। उन्होंने पोते का शव घर ले जाने की इच्छा जताई है। दोपहर को स्वजन शव लेकर चले गए। पूर्व सीएम किराये के हेलीकॉप्टर में मनाली पहुंचे थे। हेलीकॉप्टर में ही शव लेकर रवाना हो गए। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि वीर के शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। परिवार के मना करने पर पोस्टमार्टम नहीं किया गया है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 25 February 2026 at 14:29 IST