कार से खींचे, सड़क किनारे ले गए और ब्वॉयफ्रेंड के सामने ही सात लोगों ने किया युवती से गैंगरेप, अकाउंट में ट्रांसफर कराए 10,000 रुपये; मचा हड़कंप
असम के कछार जिले के सिलचर शहर के निकट बाईपास रोड पर एक 28 वर्षीय युवती के साथ सात अज्ञात बदमाशों ने कथित रूप से गैंगरेप किया और उसके ब्वॉयफ्रेंड के सामने उसे अपमानित करने के बाद जबरन 10,000 रुपये ऐंठ लिए।
- भारत
- 2 min read

असम के कछार जिले के सिलचर शहर के निकट बाईपास रोड पर एक 28 वर्षीय युवती के साथ सात अज्ञात बदमाशों ने कथित रूप से गैंगरेप किया और उसके ब्वॉयफ्रेंड के सामने उसे अपमानित करने के बाद जबरन 10,000 रुपये ऐंठ लिए। घटना 19 फरवरी की है, जिसकी शिकायत पीड़िता ने मंगलवार को दर्ज कराई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश तेज कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, पीड़िता अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ कार में सैर कर रही थी, जब एक एसयूवी से उतरे सात युवकों ने उन पर हमला बोल दिया। उन्होंने पहले दोनों से उनके रहने का पता पूछा, फिर अचानक युवती को खींच लिया और उसके साथी को बंधक बनाकर एक-एक कर दुष्कर्म किया। बाद में, जान से मारने की धमकी देकर पीड़िता को एक आरोपी के बैंक खाते में 10,000 रुपये ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया गया।
इस मामले में सिलचर सदर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(1) (सामूहिक बलात्कार), 308(5) (जान मारने की धमकी से वसूली), 310(2) (डकैती), 351(2) (आपराधिक धमकी), 61(2) (समूह द्वारा अपराध), 76 (महिला के कपड़े फाड़ने का प्रयास) और 79 (महिला की गरिमा भंग) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और आसपास के गवाहों से पूछताछ तेज कर दी है।
पत्रकार पर हमले ने खोला मामला
Advertisement
पुलिस शुरू में मामले पर खामोश थी, लेकिन मंगलवार को सिलचर के एक पत्रकार पर आरोपियों के परिजनों ने हमला कर दिया। पत्रकार ने बताया कि नेशनल हाईवे पुलिस थाना के पास आरोपी रिश्तेदारों ने उसे रोका, घटना की खबर चलाने पर सवाल किए और मारपीट शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से वह बच गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला सुर्खियों में आ गया।
पीड़िता के परिजनों ने गुस्से में कहा, "यह बेहद शर्मनाक घटना है। बदमाशों ने हमारे भाई-बहन जैसी युवती को सबके सामने नंगा किया और लूटा। पुलिस को तुरंत सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।" राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। तृणमूल कांग्रेस की इस नेता ने कछार एसपी से मुलाकात कर जानकारी ली और कहा, "इस मामले को दबाया नहीं जाएगा। दोषियों को कड़ी सजा दिलाना हमारी प्राथमिकता है। तृणमूल कांग्रेस महिलाओं के खिलाफ अपराध बर्दाश्त नहीं करेगी।" वहीं पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सभी आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे और पीड़िता को न्याय मिलेगा।