अपडेटेड 5 August 2025 at 14:56 IST

Satyapal Malik: जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का निधन, दिल्ली के RML अस्पताल में ली आखिरी सांस, लंबे समय से थे बीमार

Satyapal malik: जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन की बड़ी खबर आ रही है। वे किडनी की समस्या से जूझ रहे थे। दिल्ली के अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।

Follow :  
×

Share


Satya Pal Malik | Image: ANI

Satyapal Malik Death News: देश की राजनीति से जुड़ी इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक इस दुनिया में नहीं रहे। 79 साल की उम्र में उनका निधन हो गया है। वे लंबे समय से बीमार थे और किडनी की समस्या से जूझ रहे थे। 

लंबे समय से थे अस्पताल में भर्ती

जानकारी के अनुसार मंगलवार (5 अगस्त) दोपहर दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। यहां उन्हें 11 मई को ही तबीयत बिगड़ने पर एडमिट कराया गया था। RML अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। 

सत्यपाल मलिक के राज्यपाल रहते हटा था अनुच्छेद 370

सत्यपाल मलिक कई राज्यों के राज्यपाल रह चुके हैं, जिसमें जम्मू-कश्मीर भी शामिल है। अगस्त 2018 से अक्टूबर 2019 तक उन्होंने पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य के अंतिम राज्यपाल के तौर पर काम किया। उनके कार्यकाल के दौरान ही 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 निरस्त किया गया था। आज ही मोदी सरकार के इस ऐतिहासिक फैसले को 6 साल पूरे हुए है। इसके अलावा वह बिहार, गोवा और मेघालय के राज्यपाल भी रहे। 

ऐसे हुई थी राजनीतिक सफर की शुरुआत

24 जुलाई 1946 को सत्यपाल मलिक का जन्म उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के हिसावदा गांव में एक जाट परिवार में हुआ था। मेरठ विश्वविद्यालय से उन्होंने विज्ञान में स्नातक और एलएलबी की डिग्री ली। साल 1968-69 में वे मेरठ विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष चुने गए थे। यहीं से उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई। साल 1974 से 1977 तक सत्यपाल मलिक उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे। इसके बाद साल 1980 से 1989 तक उन्होंने राज्यसभा में भी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। साल 1989 से 1991 तक वह जनता दल के सदस्य के तौर पर अलीगढ़ से लोकसभा के सांसद रहे।

यह भी पढ़ें: संसद भवन में NDA की बैठक, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए PM मोदी का हुआ सम्मान, सांसदों ने लगाए 'हर-हर महादेव' के नारे



 

(Note: यह एक ब्रेकिंग स्टोरी है। अधिक जानकारी के साथ अपडेट हो रही है)

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 5 August 2025 at 13:45 IST