अपडेटेड 11 July 2024 at 20:33 IST
पूर्व अग्निवीरों के लिए सरकार का बड़ा ऐलान, CISF-BSF में मिलेगा 10% आरक्षण; उम्र-फिजिकल में भी छूट
Agniveer Reservations: गृह मंत्रालय के फैसले के बाद गुरुवार को CISF और BSF ने 10 फीसदी आरक्षण देने का ऐलान कर दिया है। CISF ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
Agniveer Reservations: भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए अग्निपथ योजना आने के बाद से लगातार ये मुद्दा चर्चा में है। संसद में भी अग्निवीरों को लेकर जमकर हंगामा हुआ। अब केंद्र सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए बड़ी घोषणा की गई है। केंद्र सरकार ने पूर्व अग्निवीरों को अर्धसैनिक बलों में 10 फीसदी आरक्षण देने का ऐलान किया है। पूर्व अग्निवीरों को CISF और BSF में आयु में छूट मिलेगी। CISF ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है और जल्द ही भर्तियों के लिए ये नियम लागू होने वाला है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के फैसले के बाद गुरुवार को CISF और BSF ने 10 फीसदी आरक्षण देने का ऐलान कर दिया है। CISF महानिदेशक (Director General) नीना सिंह (Nina Singh) और उनके BSF समकक्ष नितिन अग्रवाल (Nitin Agrawal) का ये बयान सेना, नौसेना और वायु सेना में अग्निपथ भर्ती योजना पर चर्चा के बीच आई है।
उम्र में कितनी छूट मिलेगी?
नीना सिंह ने कहा, 'केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पूर्व अग्निवीरों की भर्ती के संबंध में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिसके बाद CISF पूर्व अग्निवीरों की भर्ती की प्रक्रिया तैयार कर रहा है। CISF प्रमुख ने कहा कि भविष्य में कांस्टेबलों की सभी नियुक्तियों में पूर्व अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत नौकरियां आरक्षित की जाएंगी। उन्होंने डीडी न्यूज को जो जानकारी देते हुए बताया कि फिजिकल और उम्र में भी छूट दी जाएगी। पहले साल उम्र में 5 साल की छूट मिलेगी और अगले साल में तीन साल की छूट होगी।
क्या है अग्निपथ भर्ती योजना?
बतादें, जून 2022 में सरकार ने तीनों सेना सेवाओं की आयु प्रोफाइल को कम करने के उद्देश्य से अग्निपथ भर्ती योजना शुरू की थी। अग्निपथ योजना साढ़े 17 साल से 21 साल की आयु वर्ग के युवाओं को 4 साल के लिए भर्ती करने का प्रावधान करती है, जिसमें से 25 प्रतिशत को 15 और साल तक बनाए रखने का प्रावधान है। कांग्रेस सहित कई विपक्षी दल इस योजना को लेकर सरकार पर निशाना साधते रहे हैं कि चार 4 का कार्यकाल समाप्त होने के बाद 75 प्रतिशत अग्निवीरों का क्या होगा? क्योंकि कुल भर्तियों में से केवल 25 प्रतिशत को ही 15 साल के लिए बरकरार रखा जाएगा।
BSF ने क्या कहा?
CISF और BSF से पहले ही कई केंद्रीय सरकारी एजेंसियों और विभागों ने पहले ही पूर्व अग्निवीरों की भर्ती की योजना की घोषणा कर दी है। BSF के DG नितिन अग्रवाल ने कहा, 'उन्हें चार साल का अनुभव मिला है। वे पूरी तरह से अनुशासित और प्रशिक्षित कर्मी हैं। यह बीएसएफ के लिए बहुत अच्छा है क्योंकि हमें प्रशिक्षित सैनिक मिल रहे हैं। संक्षिप्त प्रशिक्षण के बाद, उन्हें सीमा पर तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व अग्निवीरों की भर्ती से सभी सुरक्षा बलों को फायदा होगा।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 11 July 2024 at 20:15 IST