गुरुग्राम: UK से लौटे इंजीनियर की होटल में संदिग्ध मौत, जकूजी के अंदर मिला शव; हादसा या हार्ट अटैक जांच में जुटी पुलिस

प्रांजिल पाठक भारत आने के बाद उत्तराखंड के ऋषिकेश घूमने गए थे। सोमवार को ऋषिकेश से लौटकर वो गुरुग्राम में एक होटल में रूके थे, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

 
Follow :
UK से लौटे इंजीनियर की होटल में संदिग्ध मौत, जकूजी के अंदर मिला शव | Image: Republic

गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित एक होटल में 35 वर्षीय इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान प्रांजिल पाठक के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले थे और यूनाइटेड किंगडम (UK) की एक मल्टीनेशनल कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वह यूके के मैनचेस्टर में रहते थे और हाल ही में भारत आए थे।

पुलिस के अनुसार, प्रांजिल पाठक भारत आने के बाद उत्तराखंड के ऋषिकेश घूमने गए थे। सोमवार को ऋषिकेश से लौटकर वे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे, जहां उन्होंने अपने एक दोस्त को फ्लाइट में बैठाकर विदा किया। इसके बाद उन्होंने गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित ओरसम होटल में रात भर रुकने के लिए कमरा बुक किया।

जकूजी में अचेत अवस्था में मिला इंजीनियर

देर रात करीब 8 बजे होटल स्टाफ ने कमरे का दरवाजा नॉक किया तो काफी देर तक अंदर से कोई आवाज नहीं आई। स्टाफ को कमरे में किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद दूसरी चाबी से कमरे का दरवाजा खोला गया। जांच करने पर प्रांजिल पाठक जकूजी (बाथटब) के पानी में अचेत अवस्था में पड़े मिले। होटल प्रबंधन ने तुरंत डॉक्टर को बुलाया, जिन्होंने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-53 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। होटल की तीसरी मंजिल तथा एंट्री-एग्जिट गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रांजिल के कमरे में जाने के बाद कोई बाहरी व्यक्ति वहां नहीं गया। कमरे का दरवाजा भी अंदर से लॉक था।

हादसा या हार्ट अटैक जांच में जुटी पुलिस

पुलिस जांच अधिकारी के मुताबिक, फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। शुरुआती तौर पर जकूजी में नहाते समय हार्ट अटैक आने, पैर फिसलने या दम घुटने जैसी संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
 

यह भी पढ़ें: त्रिपुरा में BSF जवानों पर हमले में बड़ा एक्शन, 9 हमलावर गिरफ्तार

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 3 November 2026 at 22:35 IST