UP Police Bharti 2026: CM योगी का बड़ा तोहफा, यूपी पुलिस में 81,000 पदों पर होगी सीधी भर्ती; जानें पूरी प्रक्रिया
UP Police Bharti 2026: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर आ गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी पुलिस में 81,000 नई भर्तियों का ऐलान किया है।
UP Police Bharti 2026: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश के युवाओं को नए वित्त वर्ष का सबसे बड़ा उपहार दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आधिकारिक घोषणा की है कि उत्तर प्रदेश पुलिस बल को और अधिक मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए इस साल 81,000 पदों पर बंपर भर्तियां की जाएंगी।
गुरुवार को पुलिस विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सीएम ने स्पष्ट किया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के भीतर इन सभी नियुक्तियों की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। इससे हजारों बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी का सपना पूरा करने का अवसर मिलेगा।
इन पदों पर निकलेगी वैकेंसी
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह भर्ती अभियान बहुआयामी होगा, जिसमें विभिन्न श्रेणियों के पद शामिल हैं। इस भर्ती प्रक्रिया में प्रमुख रूप से सब-इंस्पेक्टर (SI) और आरक्षी सिविल पुलिस (Constable), रेडियो सहायक और एसआई (गोपनीय) के साथ कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। सीएम ने निर्देश दिए हैं कि इनमें से जिन भर्तियों की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है, उन्हें जल्दी निपटाया जाए।
पारदर्शिता पर 'जीरो टॉलरेंस' नीति
भर्ती प्रक्रिया को लेकर सीएम योगी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी 81,000 भर्तियां पूरी तरह से मेरिट और आरक्षण नियमावली के आधार पर होनी चाहिए। भ्रष्टाचार के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति दोहराते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध (Time-bound) तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
पुलिसिंग को हाई-टेक बनाने की तैयारी
बैठक में केवल भर्तियों पर ही नहीं, बल्कि पुलिस सेवा की गुणवत्ता सुधारने पर भी चर्चा हुई। सीएम ने पीआरवी-112 सेवा के रेस्पॉन्स टाइम को घटाकर औसतन 6 मिनट करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा साइबर हेल्पलाइन 1930 की क्षमता को कई गुना बढ़ा दिया गया है, जिससे अब प्रतिदिन 7,467 कॉल हैंडल की जा सकेंगी। साथ ही 'एक तहसील-एक फायर टेंडर' मॉडल को जल्द लागू किया जाएगा ताकि ग्रामीण इलाकों में भी आगजनी की घटनाओं पर तुरंत काबू पाया जा सके।
लंबे समय से जमे कर्मियों का होगा ट्रांसफर
प्रशासनिक कसावट लाने के लिए मुख्यमंत्री ने एक और बड़ा निर्देश दिया है। लखनऊ में राजभवन, मुख्यमंत्री आवास और पुलिस मुख्यालय जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर लंबे समय से तैनात पुलिसकर्मियों का अब ट्रांसफर किया जाएगा। ऐसे में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) जल्द ही इन पदों के लिए विस्तृत विज्ञापन और आवेदन की तिथियां अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर सकता है।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 3 April 2026 at 21:21 IST