Kerala Election 2026: 'संजू सैमसन से सीखें वापसी करना', PM मोदी ने केरल के BJP कार्यकर्ताओं में भरा जोश, कहा- दिखाना होगा जज्बा
Kerala Election 2026: केरल विधानसभा चुनाव से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को क्रिकेटर संजू सैमसन का उदाहरण दिया। उन्होंने सैमसन के टी20 वर्ल्ड कप 2026 के प्रदर्शन को 'दबाव में वापसी' का बेहतरीन उदाहरण बताया।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 3 min read

Kerala Election 2026: केरल में विधानसभा चुनावों का बिगुल बज गया है। यहां 9 अप्रैल को चुनाव होने वाला है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल के भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राजनीति और खेल के बीच एक अनूठा संबंध स्थापित किया। उन्होंने केरल के स्टार क्रिकेटर संजू सैमसन के हालिया टी20 विश्व कप 2026 के प्रदर्शन का उदाहरण देते हुए कार्यकर्ताओं को गुरुमंत्र दिया।
पीएम ने कहा कि जिस तरह सैमसन ने आलोचनाओं को पीछे छोड़कर कड़े मुकाबलों में अपना बेस्ट प्रदर्शन किया, ठीक वैसी ही एकाग्रता और जज्बा भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर दिखाना होगा।
नॉकआउट के किंग सैमसन
प्रधानमंत्री ने सैमसन के जुझारूपन की सराहना करते हुए कहा, "आजकल क्रिकेट का सीजन चल रहा है और केरल के लोगों के लिए इसमें सीखने जैसा बहुत कुछ है। हमने विश्व कप में संजू सैमसन को देखा; जैसे ही टूर्नामेंट का नॉकआउट चरण आया, उनका प्रदर्शन अपने शिखर पर पहुंच गया।
शुरू से अंत तक उनका फोकस, उनका आत्मविश्वास और उनकी तीव्रता बढ़ती गई। यही एक सच्चे खिलाड़ी और एक समर्पित कार्यकर्ता की पहचान है।" मोदी ने जोर देकर कहा कि जब टीम को सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब सैमसन ने खुद को साबित किया।
Advertisement
कार्यकर्ताओं के लिए पीएम का संदेश
प्रधानमंत्री ने केरल के कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हार-जीत की चिंता छोड़कर 'सैमसन मॉडल' पर काम करें। उन्होंने कहा कि चुनावी मुकाबले भी नॉकआउट मैच की तरह होते हैं, जहां आखिरी समय की सक्रियता ही परिणाम बदलती है। पीएम ने कार्यकर्ताओं को डोर-टू-डोर कैंपेन तेज करने और विपरीत परिस्थितियों में भी अपना आत्मविश्वास अडिग रखने को कहा।
भारत की न्यूजीलैंड पर 96 रनों की शानदार जीत और लगातार तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब का जिक्र करते हुए पीएम ने केरल में भी इसी तरह के 'ऐतिहासिक परिणाम' की उम्मीद जताई है।
Advertisement
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बने सैमसन के रिकॉर्ड्स
बता दें, संजू सैमसन के लिए यह वर्ल्ड कप किसी सपने जैसा रहा, जिसे पीएम मोदी ने 'मजबूत वापसी' का प्रतीक बताया। सैमसन को उनके निरंतर प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया। उन्होंने मात्र 5 पारियों में 321 रन बनाकर एक वर्ल्ड कप संस्करण में किसी भारतीय द्वारा सर्वाधिक रनों का विराट कोहली (319 रन, 2014) का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।
सैमसन ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 89 और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 89 रनों की मैच जिताऊ पारियां खेलीं। इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल नॉकआउट में उन्होंने नाबाद 97 रन बनाए थे। उनका औसत 80.25 और स्ट्राइक रेट लगभग 200 का रहा, जिसमें उन्होंने 24 गगनचुंबी छक्के भी जड़े।