शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान थोड़ी देर में करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस, NEET Re Exam, पेपर लीक मामले पर उठ रहे सवालों पर दे सकते हैं जवाब
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान NEET परीक्षा को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं। पेपर लीक विवाद के बाद छात्रों के सवालों के जवाब मिल सकते हैं। पढे़ं पूरी खबर।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सुबह 10:30 बजे नीट यूजी परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस ऐसे समय में हो रही है जब नीट परीक्षा पेपर लीक के बाद रद्द कर दी गई है और पूरे देश में छात्रों में गुस्से में है। संभावना है कि, शिक्षा मंत्री इस दौरान री-एग्जाम की तैयारियों, नई तारीख और सुरक्षा व्यवस्था पर महत्वपूर्ण जानकारी दे सकते हैं। लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों की नजर इस प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हुई है।
विवाद क्या है?
नीट यूजी 2026 परीक्षा 3 मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद NTA ने इसे रद्द कर दिया। CBI जांच में कुछ गिरफ्तारियां भी हुई हैं। विपक्षी पार्टियां शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही हैं।मंत्री के आवास पर हाल ही में उच्चस्तरीय बैठक भी हुई थी जिसमें री-एग्जाम को पारदर्शी तरीके से कराने पर चर्चा हुई। छात्रों को सलाह दी जा रही है कि, आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहें। कोई भी अफवाह पर ध्यान न दें।
देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी
प्रयागराज में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ भवन पर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन NEET UG 2026 पेपर लीक मामले के विरोध में किया गया। छात्रों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने NTA को भंग करने की भी मांग की। उनका कहना था कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। आइसा नेताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता खत्म होती जा रही है और सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 15 May 2026 at 10:22 IST