अपडेटेड 5 August 2025 at 09:51 IST

गुरमीत राम रहीम को 14 वीं बार मिली पैरोल, 40 दिन रहेगा जेल से बाहर, 2017 में साध्वियों से रेप मामले में ठहराया गया था दोषी

रेप के मामले में सजा काट रहा गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। उसे 40 दिनों की पैरोल मंजूर हुई है।

Follow :  
×

Share


गुरमीत राम रहीम को 14 वीं बार मिली पैरोल | Image: ANI

Gurmeet Ram Rahim Parole : 2017 से साध्वियों से रेप के मामले में जेल काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम पर एक बार फिर सरकार मेहरबान हो गई है। गुरमीत राम रहीम सिंह को 5 अगस्त 2025 को हरियाणा सरकार ने 40 दिन की पैरोल दी है। यह उसकी 14वीं पैरोल है, और वह 14 सितंबर तक जेल से बाहर रहेगा।

गुरमीत राम रहीम को 2017 में दो साध्वियों से रेप के मामले में कोर्ट ने दोषी ठहराए था, जिसके लिए उसे 20 साल की सजा सुनाई गई थी। इसके अलावा, 2019 में एक पत्रकार की हत्या और 2021 में डेरा प्रबंधक रंजीत सिंह की हत्या के लिए भी वो उम्रकैद की सजा काट रहा है। गुरमीत राम रहीम इससे पहले 9 अप्रैल को 21 दिन की फरलो पर जेल से बाहर आया था।  

विवादों में रहती है पैरोल

मंगलवार सुबह 14वीं बार पैरोल मिलने के बाद रेप का दोषी गुरमीत राम रहीम पुलिस सुरक्षा के साथ रोहतक की सुनारिया जेल से सिरसा स्थित अपने डेरा मुख्यालय के लिए रवाना हुआ। वो इस बार सिरसा के अपने डेरे में रहेगा। उसे बार-बार पैरोल मिलना विवादों में रहा है। अक्सर चुनावों से पहले पैरोल मिलने को कई लोग राजनीतिक प्रभाव का परिणाम मानते हैं, जबकि सरकार का कहना है कि पैरोल कानून के दायरे में दी जाती है।

15 अगस्त को है जन्मदिन

राम रहीम 40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया है। इस बार वो 15 अगस्त को अपना जन्मदिन भी जेल से बाहर ही मनाएगा। 15 अगस्त को राम रहीम का 58वां जन्मदिन है। इस दौरान पूरे महीने कार्यक्रम होने वाले हैं। इससे पहले जब राम रहीम 21 दिन की फरलो पर बाहर आया था, तो 29 अप्रैल को डेरा सच्चा सौदा का स्थापना दिवस था। इससे पहले जब फरवरी के महीने में दिल्ली विधानसभा चुनाव थे, तो उसे 30 दिन की पैरोल मिली थी। 

ये भी पढ़ें: अनुच्छेद 370 हटने के 6 साल पूरे, क्या जम्मू-कश्मीर को मिलेगा पूर्ण राज्य का दर्जा? दिल्ली से श्रीनगर तक सियासी हलचल हुई तेज, राष्ट्रपति से मिले PM मोदी और शाह 
 

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 5 August 2025 at 09:37 IST