Today Weather Report: दिल्ली में बारिश के बाद बढ़ी ठंड, इन राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट, इन 4 राज्यों में बारिश की चेतावनी

Weather: दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्य ठंड और कोहरे से जूझ रहे हैं। फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। कई राज्यों में आज भी घने कोहरे का अलर्ट है। वहीं, कुछ राज्यों में बारिश की भी संभावना है।

 
Follow :
Weather | Image: ANI

Weather Report, 10 January 2026: देश की राजधानी इस वक्त कोहरे-ठंड और प्रदूषण के ट्रिपल अटैक की चपेट में है। शुक्रवार, 9 जनवरी को हुई बारिश से तापमान और गिर गया है। इससे ठंड में इजाफा हुआ है। यूपी-बिहार समेत कई राज्य ठंड के साथ कोहरे का सामना कर रहे हैं और इससे अभी राहत मिलने के आसार भी नहीं हैं। मौसम विभाग ने कई राज्यों में घने कोहरे की संभावना जताई है। वहीं, कुछ राज्यों में बादल भी बरस सकते हैं।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना जताई है। वहीं, 11 जनवरी को दिल्ली के तापमान में फिर से गिरावट आने की आशंका है।

ठंड के साथ दिल्ली में प्रदूषण भी गंभीर स्तर में बना हुआ है। दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 से ऊपर दर्ज हुआ, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। आज सुबह आनंद विहार में AQI 425 दर्ज हुआ है। वहीं, बवाना में यह 355, बुराड़ी में 321, ITO में 366, जहांगीरपुरी में 389, आरके पुरम में 394, रोहिणी में 384, सोनिया विहार में 354 रहा।

16 राज्यों में कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत 16 राज्यों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार में बहुत घने कोहरे की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। 

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

वहीं, 10 जनवरी को मौसम विभाग ने 4 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, केरल और कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। इस बीच मछुआरों को समुद्र तट से दूर रहने की भी सलाह दे दी गई है। बारिश से तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

यह भी पढ़ें: Jaipur Accident: जयपुर में बड़ा हादसा, बेकाबू ऑडी ने 16 लोगों को कुचला, एक की मौत
 

 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 10 January 2026 at 09:36 IST