अपडेटेड 11 April 2025 at 21:00 IST
BREAKING: दिल्ली में अचानक बदला मौसम, तेज आंधी से भारी तबाही, कई जगह गिरे पेड़, जाम के कारण ऑफिस से लौटने वाले परेशान
दिल्ली-एनसीआर का मौसम शाम होते ही बदल गया। चारो ओर अंधेरा छा गया। लोग अपने घरों के दरवाजें और खिड़कियां बंद करने में जुट गए।
Delhi-NCR Weather: भीषण गर्मी के बीच दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में आज अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला। शुक्रवार शाम के समय नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद समेत अन्य इलाकों में धूल भरी आंधी चली।
आज यानि 11 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर का मौसम शाम होते ही बदल गया। चारो ओर अंधेरा छा गया। लोग अपने घरों के दरवाजें और खिड़कियां बंद करने में जुट गए। दिल्ली-एनसीआर में सिर्फ धूल ही धूल नजर आई। धूल भरी आंधी के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
धूल भरी आंधी से परेशान हुए लोग
गौरतलब है कि शाम में जिस समय धूल भरी आंधी चली उस वक्त लोगों के ऑफिस से घर लौटने का समय हो गया था। ऐसे में लोग काफी परेशान दिखे। वहीं जो लोग पहले ही निकल चुके थे उन्हें जाम का सामना करना पड़ा। दिल्ली में धूल भरी आंधी के बाद कई इलाकों में पेड़ गिर गए जिसकी वजह से लंबा जाम लग गया। सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं।
सोशल मीडिया पर कई इलाकों से वीडियो सामने आए हैं जिसमें धूल भरी आंधी के चलते कहीं बड़े मजबूत पेड़ गिरे दिखे तो कहीं जाम लगा दिखा।
गुरुवार को भी दिल्ली में चली थी आंधी
इससे पहले गुरुवार को भी दिल्ली में धूल भरी आंधी चली थी। मौसम विभाग ने धूल भरी आंधी का अनुमान जताया था। सामने आए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 5.9 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया था। यह पिछले तीन सालों में अप्रैल का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान बताया गया है। साल 2024 और 2023 में अप्रैल में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा था। वहीं अप्रैल 2024 में अधिकतम न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि साल 2023 में यह 23.6 डिग्री सेल्सियस था। साल 2022 में अप्रैल में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 11 April 2025 at 19:39 IST