अपडेटेड 28 January 2025 at 14:10 IST

Burari Building Collapse: बुराड़ी हादसे में दो लड़कियों की मौत, रेस्क्यू कर 12 को बचाया गया

दिल्ली के बुराड़ी इलाके में चार मंजिला इमारत ढहने से दो लड़कियों की मौत हो गयी। पुलिस ने दोनों की मौत की पुष्टि की है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Follow :  
×

Share


Burari Building Collapse | Image: ANI

उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में चार मंजिला इमारत ढहने से दो लड़कियों की मौत हो गयी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि ‘ऑस्कर पब्लिक स्कूल’ के पास नवनिर्मित इमारत सोमवार शाम को ढह गई थी। अब तक, 12 लोगों को बचाया जा चुका है।

मृतकों की पहचान साधना (17) और राधिका (7) के रुप में हुई। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान जारी है और मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका है। सोमवार की रात को दिल्ली पुलिस द्वारा जारी बयान में कहा गया कि पुलिस को इमारत ढहने की सूचना लगभग शाम सात बजे मिली। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही बचाव अभियान शुरू किया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

पुलिस, दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल समेत कई एजेंसियों के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की है औऱ आसपास के लोगों से पूछताछ कर पता कर रही है कि इमारत के भीतर कितने लोग अभी भी फंसे हुए है। अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान जारी है। 

CM आतिशी ने घटना पर जताया दुख

अधिकारियों ने कहा, ''हमने मामले की जांच शुरू कर दी है और कई टीमें गठित की गई हैं। इमारत के मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई चल रही है।" घटना के तुरंत बाद ही दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, "बुराड़ी में इमारत ढहने की यह घटना बेहद दुखद है। मैंने त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन से बात की है। प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद प्रदान की जाएगी।"

अरविंद केजरीवाल ने विधायक को दिए ये निर्देश

पूर्व मुख्यमंत्री और आप अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि स्थानीय पार्टी विधायक को राहत एवं बचाव कार्य में सहायता करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा, "यह घटना बहुत दुखद है। बुराड़ी से हमारे विधायक संजीव झा को निर्देश दिया गया है कि वे तुरंत पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वहां जाएं और बचाव कार्य में प्रशासन की मदद करें। साथ ही स्थानीय लोगों की हरसंभव मदद करें।"

यह भी पढ़ें: महाकुंभ आओ, घर वापसी..., मौलाना शहाबुद्दीन पर बाबा बागेश्वर का पलटवार

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 28 January 2025 at 14:10 IST