अपडेटेड 27 February 2025 at 13:46 IST

भाजपा विधायकों के विधानसभा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए जाने की जांच की जाएगी: प्रवेश वर्मा

प्रवेश वर्मा ने कहा कि भाजपा के आठ विधायकों के प्रतिनिधित्व वाले विधानसभा क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे क्यों नहीं लगाए गए, इसकी जांच की जाएगी।

Follow :  
×

Share


BJP leader Parvesh Verma | Image: PTI

Delhi: दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आठ विधायकों के प्रतिनिधित्व वाले विधानसभा क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे क्यों नहीं लगाए गए, इसकी जांच की जाएगी।

वर्मा ने दिल्ली विधानसभा में कहा कि आठों विधानसभा क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पिछली विधानसभा में भाजपा के पास आठ और आप के पास 62 सीट थीं।

सदन में यह मुद्दा उठाते हुए विश्वास नगर से भाजपा विधायक ओपी शर्मा ने कहा कि पिछली आप सरकार के दौरान उनके विधानसभा क्षेत्र में एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाया गया। उन्होंने मामले की जांच केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) से कराने की मांग की।

पिछली विधानसभा में विपक्ष में रहे कुछ अन्य भाजपा विधायकों ने भी यह मु्द्दा उठाया और तत्कालीन आप सरकार पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। लक्ष्मी नगर से विधायक अभय वर्मा ने कहा कि भाजपा विधायकों ने इस मामले को लेकर उच्च न्यायालय का रुख किया। उन्होंने कहा कि अदालत के आदेश और मुख्य सचिव की सिफारिश के बावजूद कुछ नहीं किया गया।

विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में दो-दो हजार सीसीटीवी लगाए जाने थे, लेकिन भाजपा के आठ विधानसभा क्षेत्रों में पिछली सरकार ने यह सुविधा नहीं दी थी। विधानसभा अध्यक्ष के अनुसार, आप सरकार ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में लगाने के लिए 1.40 लाख कैमरे खरीदे।

पीडब्ल्यूडी मंत्री वर्मा ने विधायकों को जवाब देते हुए कहा, ‘‘मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर अधिकारियों को दंडित किया जाएगा।’’ वर्मा ने आश्वासन दिया कि सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें: Telangana Tunnel Collapse: खोजी कुत्ते, बोरिंग मशीन काटने की तैयारी और... टनल में फंसे 8 लोगों को बचाने का अभियान तेज
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 27 February 2025 at 13:46 IST