अपडेटेड 2 March 2025 at 23:18 IST
दिल्ली के हर क्षेत्र में विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकता : रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता ने दिल्ली की जनता, विशेषकर पूर्वांचल के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि शहर के हर क्षेत्र में विकास और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटियों को पूरा करना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नयी सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने भाजपा की दिल्ली इकाई के कार्यालय में पार्टी के पूर्वांचल मोर्चा द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।
गुप्ता ने दिल्ली की जनता, विशेषकर पूर्वांचल के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली की नयी सरकार की बारी है कि वह अगले पांच वर्षों में भाजपा द्वारा किए गए हर वादे को पूरा करे।
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यमुना की पूर्ण सफाई और नदी के तट पर छठ पूजा का आयोजन भाजपा का अगला लक्ष्य है।
इस कार्यक्रम को सांसद मनोज तिवारी और दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। इन नेताओं ने भाजपा को समर्थन देने के लिए पूर्वांचली समुदाय को धन्यवाद भी दिया।
वर्मा ने कहा कि यह सरकार दिल्ली के विकास के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चाहे समस्या सड़क की हो, गंदे पानी की आपूर्ति की हो या फिर सीवेज की, सरकार चौबीसों घंटे इसका समाधान करने के लिए तैयार है।
मंत्री ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही चार अंकों का हेल्पलाइन नंबर शुरू किया जाएगा। सचदेवा ने कहा कि पार्टी संगठन और दिल्ली सरकार मिलकर दिल्ली को दुनिया का सबसे खूबसूरत शहर बनाने के लिए काम करेंगे। भाजपा के पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा ने कहा कि पूर्वांचली समाज जाति-पाति से ऊपर उठकर दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में भाजपा को पूरा समर्थन देता है।
इसे भी पढ़ें: अब कैसे होगा सेमीफाइनल? पाकिस्तान ने जिस स्टेडियम पर खर्च किए 500 करोड़, वहां छत से टपक रहा पानी, VIDEO वायरल
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 2 March 2025 at 23:18 IST