सत्य निकेतन हादसे को लेकर सबसे बड़ी खबर, मकान मालिक हरिराम बंसल को पुलिस ने भिवाड़ी से किया गिरफ्तार

Delhi Building Collapse: सत्य निकेतन इलाके में बहुमंजिला इमारत के ढहने के बाद से फरार चल रहा बिल्डिंग का मालिक हरिराम बंसल गिरफ्तार कर लिया गया है।

 
Follow :
सत्य निकेतन की इमारत गिरी, पीजी का मालिक गिरफ्तार | Image: Republic

Delhi Building Collapse: दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में बहुमंजिला इमारत ढहने से अबतक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। अब भी मलबे में कई छात्र दबे हुए हैं। इस जर्जर इमारत के ढहने के बाद से फरार चल रहा बिल्डिंग का मालिक हरिराम बंसल दबोचा गया है।

दरअसल, पुलिस ने आरोपी मालिक के खिलाफ FIR दर्ज करने के साथ ही देश छोड़कर भागने से रोकने के लिए लुकआउट नोटिस (LOC) भी जारी किया था। फरार हरिराम बंसल की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं, जो गुरुग्राम समेत दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग ठिकानों पर लगातार ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही थीं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, बिल्डिंग के कथित मालिक हरिराम को पकड़ने के लिए 10 अलग-अलग टीमें बनाई गईं। 

भिवाड़ी से पकड़ा गया आरोपी हरिराम 

इन टीमों में लोकल डिस्ट्रिक्ट पुलिस, स्पेशल स्टाफ़ और दूसरी ऑपरेशनल यूनिट्स के जवान शामिल हैं। हर टीम की अगुवाई एडिशनल DCP रैंक का एक अफसर कर रहा है। पुलिस हरिराम को पकड़ने के लिए अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर रही थी। इस कड़े पहरे के बीच आखिरकार पुलिस ने हरिराम बंसल को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है।

September 7, 2026

पूछताछ में जुटी पुलिस

बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी हरिराम बंसल को अपनी हिरासत में ले लिया है और उसे दिल्ली लाकर पूछताछ की जा रही है।

एक्शन मोड में CM रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, 'लगभग 80% मलबा हटा दिया गया है, सिर्फ बेसमेंट का मलबा बचा है। यह पक्का है कि बेसमेंट में पानी भरा था और पानी जमा होने के साथ-साथ पुरानी इमारत में चल रहे मरम्मत के काम की वजह से इमारत गिर गई। अब तक 12 लोगों को निकाला गया है; 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि बाकी छह की हालत स्थिर है। हम उनके माता-पिता के संपर्क में हैं और यह पक्का करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं कि उन्हें कोई परेशानी न हो। बच्चों का सही इलाज हो रहा है। यह मामला हमारे स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की सीधी देखरेख में भी है। केंद्रीय गृह मंत्री हालात पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और हमें प्रधानमंत्री से भी मार्गदर्शन मिल रहा है।'

उन्होंने आगे कहा, ‘किसी भी खतरनाक इमारत को बख्शा नहीं जाएगा; ऐसी सभी इमारतों का स्ट्रक्चरल ऑडिट किया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी।’ उन्होंने सख्त लहजे में यह भी कहा कि जिन भी अधिकारियों ने इस मामले में अनदेखी और लापरवाही बरती है, उन पर आज के आज ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को कतई बख्शा नहीं जाएगा।'

MCD के 5 अधिकारियों पर गिरी गाज

इसी कड़ी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा एक्शन लेते हुए नगर निगम के 5 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। सीएम के निर्देश पर दिल्ली सरकार ने एमसीडी उपायुक्त, कार्यकारी अभियंता, अधीक्षण अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को निलंबित किया गया है। 

यह भी पढ़ें: 'दोषी अधिकारियों पर आज की आज होगी कार्रवाई', जहां गिरी बिल्डिंग वहां फिर पहुंचीं CM रेखा गुप्ता, एक्शन मोड में आईं नजर


 

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 7 September 2026 at 14:14 IST