BREAKING: दिल्ली के ओखला फेज-1 में सिलेंडर ब्लास्ट, एक की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल; मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियां
दिल्ली के ओखला फेज-1 में एक कम्युनिटी हॉल के पास सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि चार लोग घायल बताए जा रहे हैं।
- भारत
- 2 min read
दिल्ली के ओखला फेज-1 से सिलेंडर ब्लास्ट की खबर सामने आई है। एक कम्युनिटी हॉल के पास सिलेंडर ब्लास्ट होने से हड़कंप मच गया है। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंची हैं।
ओखला फेज-एक स्थित सामुदायिक भवन के पास बुधवार सुबह ऑक्सीजन सिलिंडर में हुए विस्फोट से हड़कंप मच गया। धमाका इतना जोरदार था कि एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। तुरंत राहत और बचाव टीमें मौके पर पहुंची।
ऑक्सीजन सिलिंडर में ब्लास्ट
दिल्ली फायर सर्विस ने बताया, "दिल्ली के ओखला फेज-1 में एक कम्युनिटी हॉल के पास सिलेंडर फटने की जानकारी मिली। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य चल रहा है। धमाके के बाद चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।"
ट्रक से अनलोडिंग करते समय हादसा
जानकारी के अनुसार, सामुदायिक भवन के सामने गोदाम के पास एक ट्रक से ऑक्सीजन सिलिंडर उतारते समय करीब सुबह 10 बजे तेज धमाका हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि दूर-दूर तक आवाज सुनाई दी और आसपास की फैक्ट्रियों के शीशे टूट गए। एक व्यक्ति विस्फोट के दबाव से 50 से 100 मीटर दूर जाकर गिरा।
एक की मौत, चार घायल
गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जारी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक शुरुआती अफवाहों में दो-तीन लोगों की मौत और कई घायलों की बात कही जा रही थी, लेकिन आधिकारिक जानकारी के अनुसार अब तक एक मौत होने की पुष्टि हुई है।
ऑक्सीजन सिलिंडर में ब्लास्ट होने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और विस्फोट के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 9 September 2026 at 12:07 IST