Delhi crime: वकील पर चलीं धांय-धांय गोलियां, बाइक सवार बदमाशों ने की 10 से 12 राउंड फायरिंग

दिल्ली के करावल नगर में सुबह 8:30 बजे बाइक सवार बदमाशों ने वकील श्रीकांत पर 10-12 राउंड गोली चलाई। हाथ और कंधे में गोली लगने से घायल श्रीकांत को जीटीबी अस्पताल में भर्ती किया गया है।

 
Follow :
वकील पर चलीं धांय-धांय गोलियां | Image: Video Grab

Delhi News : देश की राजधानी में बदमाश बेलगाम होकर घूम रहे हैं। दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके में गुरुवार की सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। करावल नगर थाना क्षेत्र के जगदंबा कॉलोनी स्थित नाला रोड पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक वकील पर ताबड़तोड़ फायरिंग खोल दी। हमले में घायल हुए वकील श्रीकांत को तुरंत जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत स्थिर है।

ये वारदात सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, जौहरपुर के निवासी वकील श्रीकांत अपनी कार में सवार थे। तभी बाइक पर सवार बदमाशों ने उन पर करीब 10 से 12 राउंड गोली चलाई। अंधाधुंध फायरिंग में श्रीकांत के हाथ और कंधे में धांय-धांय से गोलियां लगी। स्थानीय लोगों ने चीख-पुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल वकील को फौरन अस्पताल पहुंचाया गया।

क्राइम और फॉरेंसिक टीमें मौके पर

दिल्ली पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। करावल नगर थाने की कई टीमें घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के CCTV फुटेज की तलाश में जुटी हुई हैं। क्राइम और फॉरेंसिक टीमें भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटा रही हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उत्तर-पूर्व जिले की ऑपरेशंस यूनिट की टीमें भी आरोपी बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सक्रिय हो गई हैं।

पुलिस के आधिकारिक बयान में कहा गया है कि "16 अक्तूबर, 2025 को सुबह के समय करीब 8:30 बजे करावल नगर थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना की सूचना मिली। जगदंबा कॉलोनी, नाला रोड पर पहुंचने पर श्रीकांत (30 वर्ष) नामक व्यक्ति को घायल अवस्था में पाया गया। उन्हें तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।"

यह घटना दिल्ली के दयालपुर इलाके के करीब होने के कारण आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का मानना है कि यह हमला सुनियोजित हो सकता है, लेकिन अभी तक इसका कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। श्रीकांत प्राइवेट प्रैक्टिस करने वाले वकील हैं, जो इलाके में सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं।

ये भी पढ़ें: मुल्ली और आतंकवादी कहने पर छलका इकरा हसन का दर्द, भरी सभा में मंदिर विवाद पर हुईं भावुक, कहा- ऐसे लोगों को छोड़ूंगी नहीं

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 16 October 2025 at 11:40 IST