Delhi: मेंहदी लगाने के बहाने आई और...जिस लड़के की होने वाली थी शादी उसी को पसंद करती थी पड़ोसन; रिश्ता रोकने के लिए दुल्हन पर फेंका तेजाब
दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में एक सन्न कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पड़ोस में रहने वाली एक युवती ने मेहंदी के बहाने घर पहुंचकर दुल्हन बनने वाली लड़की के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया।
- भारत
- 2 min read
दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में एक सन्न कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पड़ोस में रहने वाली एक युवती ने मेहंदी के बहाने घर पहुंचकर दुल्हन बनने वाली लड़की के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। जिस लड़के से पीड़िता की शादी होने वाली थी, उसी को आरोपी युवती भी पसंद करती थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
सूचना के अनुसार, 14 अप्रैल की दोपहर को गोकलपुरी पुलिस स्टेशन में एक महिला पर तेजाब से हमला किए जाने की खबर मिली। पुलिस जब इंदिरा विहार इलाके में घटनास्थल पर पहुंची, तो पता चला कि पीड़ित 21 वर्षीय युवती को उसके परिजन पहले ही जीटीबी अस्पताल ले जा चुके थे।
जांच के दौरान सामने आया कि पीड़ित युवती की शादी तय हो चुकी थी। जिस लड़के के साथ उसकी शादी होने वाली थी उसी को आरोपी युवती भी पसंद करती थी और वह इस शादी को रोकना चाहती थी।
शादी रोकने के लिए रची खौफनाक साजिश
पीड़िता के परिजनों का कहना है कि वो मेरे पड़ोस में रहती है। पहले भी घर आती जाती थी। उसकी बहन भी आती थी। वो मेहंदी के बहाने घर आई और तेजाब भी फेंककर गई।
पता नहीं था वो ऐसा कर देगी। 19 को बारात आनी थी। पीड़िता की हालत ठीक नहीं है, वो पढ़ने में अच्छी है। जिसने तेजाब डाला है, वो भी पढ़ने में अच्छी है। अभी नौकरी के लिए उसने पेपर दिया है। उसे पुलिस पकड़कर ले गई है। हम इंसाफ चाहते हैं। उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 15 April 2026 at 10:53 IST